विस्तारा फ्लाइट का इंजन खराब : आधे घंटे तक आसमान में अटकी रहीं सांसें, पूर्व सांसद दानिश अली ने बताया 'भयावह अनुभव'

UPT | Danish Ali

Oct 12, 2024 14:54

हैदराबाद से शाम लगभग 06:35 बजे रवाना हुई विस्तारा की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण एक घंटे के भीतर ही वापस लौट आई। इस दौरान, यात्रियों ने लगभग आधे घंटे तक तनाव में आसमान में चक्कर काटा...

Short Highlights
  • विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में आई खराबी
  • पूर्व सांसद दानिश अली ने साझा किया अनुभव
  • विस्तारा ने कहा पैसेंजर्स की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता
New Delhi News : उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद दानिश अली को दिल्ली जाने वाली विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट UK880 में यात्रा के दौरान, गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024 को एक खतरनाक स्थिति का सामना करना पड़ा। हैदराबाद से शाम लगभग 06:35 बजे रवाना हुई विस्तारा की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण एक घंटे के भीतर ही वापस लौट आई। इस दौरान, यात्रियों ने लगभग आधे घंटे तक तनाव में आसमान में चक्कर काटा।

इस कारण हैदराबाद में हुई लैंडिंग
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट को रखरखाव आवश्यकताओं के चलते हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया था। कंपनी ने जानकारी दी कि फ्लाइट के हैदराबाद पहुंचने का समय शाम 07:23 बजे निर्धारित था। इस दौरान, पूर्व सांसद दानिश अली ने अपनी यात्रा का अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सभी यात्री कितनी चिंतित स्थिति का सामना कर रहे थे।



दानिश अली ने शेयर किया पोस्ट
दरअसल, दानिश अली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट करते हुए, इस अनुभव को भयावह बताया। उन्होंने बताया कि विस्तारा यूके880 की हैदराबाद-दिल्ली उड़ान में यात्रा करना एक अविश्वसनीय रूप से डरावना अनुभव था। इंजन में खराबी के कारण उन्हें आधे घंटे तक उड़ान के दौरान असमंजस में रहना पड़ा। जिसके बाद, पायलट ने हैदराबाद में आपातकालीन लैंडिंग करने का निर्णय लिया, जिससे सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।
विस्तारा ने किया अपडेट
वहीं बाद में, एयरलाइन ने यात्रियों को सूचित किया कि फ्लाइट कुछ समय बाद फिर से रवाना होगी और उम्मीद जताई कि वह तड़के लगभग 02:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। विस्तारा ने एक्स पर अपडेट साझा करते हुए बताया कि फ्लाइट हैदराबाद से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। इसके साथ ही विस्तारा ने ये भी कहा कि पैसेंजर्स की सुरक्षा हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है। लैंडिंग का निर्णय सभी यात्रियों की भलाई को ध्यान में रखते हुए किया गया था और इसके लिए असुविधा के लिए माफी भी मांगी गई है। एयरलाइंस ने यह सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

कौन हैं दानिश अली?
पूर्व सांसद दानिश अली, यूपी के हापुड़ के निवासी हैं। उनका राजनीतिक परिवार से गहरा नाता है। दानिश अली के दादा, महमूद अली, विधायक और 1977 में हापुड़ लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। दानिश ने अपनी पढ़ाई जामिया मिलिया इस्लामिया से की और वह पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत जनता दल (सेक्यूलर) से की, जहां उन्हें जनरल सेक्रेट्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) के एकीकरण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

लोकसभा चुनाव में मिली हार
2019 के लोकसभा चुनाव से पहले, दानिश अली बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए और अमरोहा से चुनावी मैदान में उतरे। उनके सामने भाजपा के कंवर सिंह तंवर और कांग्रेस के सचिन चौधरी थे। दानिश ने कंवर सिंह तंवर को लगभग 63 हजार वोटों से हराकर जीत हासिल की। हालांकि, बाद में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें बसपा से निलंबित कर दिया गया। फिर, उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर 2024 का चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार उन्हें भाजपा के चौधरी कंवर सिंह तंवर से हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने उन्हें 28,670 वोटों से हराया।

ये भी पढ़ें- दिवाली से पहले यूपी सरकार का दोहरा तोहफा : फ्री राशन के साथ मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर, लेकिन पूरी करनी होगी ये शर्त

Also Read