Varanasi News : जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत कार्यों का लिया जायजा

UPT | राहत कार्यों का लिया जायजा

Aug 09, 2024 21:26

बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे वाराणसी में जिलाधिकारी एस. राजलिगम और अपर पुलिस कमिश्नर एस. चिनप्पा ने एनडीआरएफ की मोटर बोट से नमो घाट से लेकर पुराने पुल तक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

Varanasi News : बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे वाराणसी में जिलाधिकारी एस. राजलिगम और अपर पुलिस कमिश्नर एस. चिनप्पा ने एनडीआरएफ की मोटर बोट से नमो घाट से लेकर पुराने पुल तक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बाढ़ के हालात का जायजा लेना और वहां राहत कार्यों का मूल्यांकन करना था। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सरैंया में स्थापित राहत शिविर का भी निरीक्षण किया, जहां बाढ़ प्रभावित लोग शरण लिए हुए हैं। 

लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत
जिलाधिकारी ने राहत शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में समय पर नाश्ता और खाना प्रदान किया जाए। साथ ही, बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं, राशन वितरण, और अन्य राहत कार्यों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों को राहत कार्यों में कोई भी लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

आवश्यक कदम उठाने के आदेश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई और दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए फॉगिंग पर विशेष जोर दिया गया। पुराने पुल के आस-पास जमा कूड़े और जलकुंभी को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए गए।

बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति करें सुनिश्चित
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और अपर पुलिस कमिश्नर ने मौके पर मौजूद लोगों से उनकी परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां के लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

Also Read