Mathura News : धान की रोपाई के दौरान करंट लगने से महिला मजदूर की मौत, तीन की हालत गंभीर

UPT | महिला मजदूर अस्पताल में भर्ती

Jul 05, 2024 18:15

थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव सात विसा में किसान के खेत में करंट प्रवाहित हो गया। खेत में धान की रोपाई कर रही महिला मजदूर करंट की चपेट में आ गईं। इनमें से एक की मौत हो गई। जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका उपचार चल रहा है।

Mathura News : धान की रोपाई कर रही एक महिला मजदूर करंट की चपेट में आ गई। इस घटना में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। करंट से झुलसी तीन महिलाओं का इलाज चल रहा है। 

ऐसे हुआ हादसा
घटना कोसीकला थाना क्षेत्र के गांव नगरिया सात विसा की है। इसी गांव के किसान चंदर के खेत में धान की रोपाई हो रही थी। बताया जाता है कि 18 महिलाएं और चार युवक धान की रोपाई में लगे थे। वे 6 सौ रुपये प्रतिदिन की मजदूरी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में खड़े एचटी लाइन के खंभे में स्पार्किंग हो गई। इसके साथ ही एक तार टूटकर लोहे के खंभे से छू गया। खंभे से करंट खेत में भरे पानी में दौड़ गया। करंट लगने से मजदूर नीचे गिर पड़े। झटका लगते ही वे बाहर की ओर भागे।

मजदूरों को नर्सिंग होम ले गए
शोर सुनकर खेत मालिक और आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। वे आनन-फानन में मजदूरों को लेकर नर्सिंग होम पहुंचे। यहां दिलीप की पत्नी चंचल की हालत नाजुक होने पर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि ममता, रेखा और निशा गंभीर रूप से झुलसीं हैं। इन्हें भर्ती किया गया है। सूचना पर इंस्पेक्टर अजीत सिंह नर्सिग होम पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Also Read