Shocking News : बांके बिहारी के दर्शन से पहले दो महिलाओं ने तोड़ा दम, मचा हड़कंप

UP Times | Two women died before visiting Banke Bihari created panic

Dec 25, 2023 01:59

मथुरा के वृंदावन से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां बांके बिहारी मं‍दिर में दर्शन के लिए जा रहीं दो महिलाओं की पहुंचने से पहले ही अचानक मौत हो गई। जिसके बाद मौके पर गहमागहमी का माहौल उत्‍पन्‍न हो गया। जानिए क्‍या है पूरा मामला।

Shocking News : वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंची दो महिलाओं की अचानक हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं यहां बांके बिहारी के दर्शन के लिए कतार में लगी हुई थीं। इसी दौरान भीड़ बढ़ने के कारण उन्हें चक्कर आ गया और वो नीचे गिर पड़ी। जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।   

भीड़ में घुट गया दम
जानकारी के अनुसार वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर में काफी भीड़ होती है और लोगों को दर्शन के लिए लाइन लगानी पड़ती है। रविवार को भी बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई थी। जहां ये दोनों महिलाएं भी दर्शन के लिए लाइन में लगी थीं। इस मामले पर पुलिस ने कहा कि दोनों महिलाओं की मौत बीमारी के कारण हुई हैं। जानकारी के मुताबिक एक महिला की मौत हार्ट अटैक बताई जा रही है। वहीं दूसरे महिला को लेकर कहा जा रहा है, कि चोट लगने की वजह से मौत हुई है। जिसके बाद मंदिर में लगातार बढ़ रही अनियंत्रित भीड़ को लेकर मंदिर प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। 

ये हैं दोनों मृतक महिलाएं
मृतक महिलाओं में एक की पहचान जबलपुर की मंजू मिश्रा के रूप में हुई है। वहीं दूसरी महिला की पहचान सीतापुर की बीना गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि मंजू मिश्रा अपने बेटे के साथ वृंदावन आईं थीं। दोपहर 12 बजे के करीब वो दर्शन के लिए लाइन में लगी थीं। तभी जयपुरिया गेस्ट हाउस के सामने अचानक भीड़ के बढ़ने के कारण उनकी तबियत बिगड़ और उन्हें चक्कर आ गया। इसके बाद उन्‍हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्‍होंने दम तोड़ दिया। वहीं बीना गुप्ता अपने परिजनों के साथ बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंची थी। अधिक भीड़ होने के कारण वह भी चक्कर खाकर गिर गईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने इनको मृत घोषित कर दिया। 

बच्‍चे और बुजुर्गों का रखे ध्‍यान
इन दोनों महिलाओं की मौत पर पुलिस ने भी अपना बयान जारी किया है। जहां बीना की मौत हार्ट अटैक की वजह से होना बताया गया है। इस बाबत पुलिस ने कहा कि दोनों महिलाओं की मौत बीमारी के कारण हुई है। पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है। वहीं एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने लोगों से अपील की है, कि नए साल पर यहां आने वाले श्रद्धालु अपने साथ बुजुर्ग, बीमार और बच्चों को लेकर ना आएं।
 

Also Read