जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की छत का प्लास्टर गिरा : कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल, सिर में लगी चोट, मौके पर कई बच्चे भी थे मौजूद

UPT | अस्पताल में भर्ती घायल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।

Aug 23, 2024 18:24

हाथरस जिले के जलेसर रोड पर गांव तिपरस में आंगनबाड़ी केंद्र की छत का प्लास्टर महिला कार्यकर्ता के ऊपर आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

Hathras News : हाथरस जिले के कई परिषदीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। इन जर्जर भवनों को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस लापरवाही के चलते बारिश के मौसम में गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।

आज हाथरस के जलेसर रोड पर स्थित गांव तिपरस में एक आंगनबाड़ी केंद्र की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। इस हादसे में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गई, उसके सिर में गहरी चोटें आई हैं। हादसे के दौरान कई बच्चे भी वहां मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। घायल कार्यकर्ती को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

कई परिषदीय स्कूलों में संचालित केंद्रों के भवन भी जर्जर 
हाथरस जिले में कई परिषदीय स्कूलों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। इन स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र भी जर्जर भवनों में चल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। इस घटना ने एक बार फिर से प्रशासन की लापरवाही और जर्जर भवनों की मरम्मत की आवश्यकता को उजागर किया है। 

Also Read