Lok Sabha Election 2024 : स्मृति ईरानी पर अखिलेश का तंज, बोले- सिलेंडर वाले लोग अब सरेंडर कर रहे...

UPT | राहुल गांधी, स्मृति ईरानी और अखिलेश यादव

May 17, 2024 14:56

उत्तर प्रदेश के अमेठी में आज शुक्रवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त जनसभा हुई। इस जनसभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने...

Amethi News : उत्तर प्रदेश के अमेठी में आज शुक्रवार को इंडिया गठबंधन की संयुक्त जनसभा हुई। इस जनसभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गठबंधन के प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के लिए प्रचार किया। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। भाजपा पर हमलावर होते हुए अखिलेश ने कहा, "अमेठी में सिलेंडर वाले लोग आज सरेंडर कर रहे हैं।"

बता दें कि इसके आगे अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि कैसे पिछले चुनाव में अमेठी वासियों को चीनी की कीमत घटाने का झूठा वादा किया गया था। अखिलेश ने कहा, "इस बार अमेठी वाले कह रहे हैं कि जिन्होंने 13 रुपये किलो में चीनी नहीं दी, उसको अमेठी वाले वोट नहीं देने जा रहे हैं।"

किसानों के मुद्दों पर बोले सपा प्रमुख
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि किसानों को अपने हक के लिए दिल्ली तक धरना देना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने "काले कानूनों" के जरिये किसानों की पैदावार लूटने और उनकी जमीनों पर कब्जा करने की कोशिश की थी। अखिलेश ने वादा किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का कानूनी अधिकार दिया जाएगा। पेपर लीक मामले पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर इसे कराया ताकि नौकरियां न देनी पड़ें। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार नौकरियां देगी।

"400 पार" के नारे पर कसा तंज
भाजपा के "400 पार" के नारे पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि वह नारा भूल गई है और उसका "रथ धंस गया है"। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 543 सीटों में से सिर्फ 140 सीटें जीतेगी। संविधान बदलने की भाजपा की कथित योजना पर भी अखिलेश ने सवाल उठाए। इसके आगे अखिलेश यादव ने पार्टी के साथियों से कहा की इस बार वे कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है और इसलिए यह बेहद महत्वपूर्ण है। अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अमेठी का नाम धूमिल किया है। उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी टिप्पणी की और कहा कि यह योजना समाप्त हो जाएगी।

12 साल की उम्र में अमेठी आया था- राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी से अपने रिश्ते को खास बताया। वर्तमान में वह रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह पहली बार 42 साल पहले 12 साल की उम्र में अमेठी आए थे। राहुल ने कहा कि जो कुछ भी उन्होंने राजनीति में सीखा है, वह अमेठी की जनता से ही सीखा है। उन्होंने याद किया कि जब वह 12 साल की उम्र में आए थे तो वहां कोई विकास नहीं था और सड़कें भी नहीं थीं। राहुल ने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से अमेठी और उनके पिता का रिश्ता देखा है, और यही उनकी राजनीति का आधार है।

Also Read