दलित बच्ची के साथ दरिंदगी पर भड़के चंद्रशेखर : योगी सरकार पर साधा निशाना, बोले- कानून व्यवस्था का बुरा हाल...

UPT | नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद

Aug 27, 2024 16:18

रामनगरी में एक और नाबालिक के साथ रेप का मामला सामने आया है। जिसके बाद नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने इस मामले में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है...

Ayodhya News : अयोध्या में 12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म मामले के बाद एक और दरिंदगी देखने को मिली है। रामनगरी में एक और नाबालिक के साथ रेप का मामला सामने आया है। जिसके बाद नगीना से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने इस मामले में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है, साथ ही कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

मामले में चंद्रशेखर ने की यह मांग
चंद्रशेखर ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि  'अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में चार वर्षीय दलित मासूम बच्ची के दुष्कर्म की घटना बेहद शर्मनाक और दंडनीय. मुख्यमंत्री देखिये आपकी सरकार में कानून व्यवस्था का क्या बुरा हाल है. अयोध्या पुलिस आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्यवाही करें.'
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी सलमान (35) ने चार साल की लड़की के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया, लेकिन कुछ घंटों बाद आलापुर के पास मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



घर के बाहर से उठाई बच्ची
जानकारी के अनुसार वारदात अयोध्या जनपद के थाना अंतर्गत महराजगंज थाने के एक गांव की है। दलित बच्ची का अपहरण करके तब दुष्कर्म किया जब वह घर के बाहर खेल रही थी। जब देर शाम हुई और काफी देर तक बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिवार ने तलाश की। रोने की आवाज सुनकर घरवाले सलमान के घर पहुंचे। वहां बच्ची खून से लथपथ मिली। भीड़ को देखकर आरोपी मौके से भाग गया। घरवालों ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को सूचना दी। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची से रेप की पुष्टि हुई है।

पहले भी आया था ऐसा मामला
वहीं पिछले दिनों अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र से 12 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। आरोपियों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करके बार-बार बलात्कृत किया था। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता गर्भवती हो गई। पीड़िता के परिवार ने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शुरुआती दौर में कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद में निषाद पार्टी के लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान और उसकी बेकरी पर काम करने वाले राजू को गिरफ्तार किया।

Also Read