तय किया गया राम मंदिर के पुजारियों का वेतन : सीधे खाते में होगा ट्रांसफर, परिसर में ले जा सकेंगे मोबाइल

UPT | Ram Temple

Jul 05, 2024 08:14

पुराने पुजारियों के वेतन में वृद्धि अक्टूबर 2023 में की गई थी और उन्हें अनेक सुविधाएं भी प्रदान की गई थी। इन सभी सुविधाओं को अब नए पुजारियों को भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, मंदिर प्रबंधन ने पुजारियों...

Short Highlights
  • 20 नए पुजारियों के वेतन का निर्धारण किया गया है
  • प्रशिक्षण की अवधि में हर महीने उन्हें दो हजार रुपये का मानदेय दिया जा रहा
Ayodhya News : अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में हाल ही में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। मंदिर प्रबंधन ने रामलला की सेवा के लिए नियुक्त 20 नए पुजारियों के वेतन का निर्धारण किया है। हालांकि, वेतन राशि सार्वजनिक नहीं की गई है, पुजारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।  इन पुजारियों को अब तीर्थ क्षेत्र के स्थायी पुजारियों के समान सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण की अवधि में हर महीने उन्हें दो हजार रुपये का मानदेय दिया जा रहा था और जुलाई महीने के अंत में उनका निर्धारित वेतन सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।

परिसर में एंड्रॉयड फोन ले जा सकेंगे पुजारी 
दरअसल, पुराने पुजारियों के वेतन में वृद्धि अक्टूबर 2023 में की गई थी और उन्हें अनेक सुविधाएं भी प्रदान की गई थी। इन सभी सुविधाओं को अब नए पुजारियों को भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, मंदिर प्रबंधन ने पुजारियों के लिए मोबाइल फोन नीति में भी बदलाव किया है। अब पुजारी मंदिर परिसर में एंड्रॉयड फोन ला सकते हैं, लेकिन गर्भगृह में इनका उपयोग वर्जित रहेगा। गर्भगृह में प्रवेश से पहले पुजारियों को अपने फोन लॉकर में जमा करने होंगे। 

श्रद्धालुओं से संबंधित नियम
वहीं श्रद्धालुओं से संबंधित नियमों में भी परिवर्तन किए गए हैं। पुजारियों को श्रद्धालुओं से सीधे दान स्वीकार करने की अनुमति नहीं है, बल्कि उन्हें श्रद्धालुओं को दानपात्र का उपयोग करने के लिए निर्देशित करना होगा। हालांकि, वीआईपी या अन्य श्रद्धालुओं को टीका-चंदन लगाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेल्फी पॉइंट
इसके अलावा, मंदिर परिसर में एक विशेष सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया है। यह स्थान बैगेज स्कैनर और यात्री सुविधा केंद्र के बीच स्थित है, जहां रामलला की एक प्रतिमा रखी गई है। श्रद्धालु यहां तक अपने मोबाइल फोन ला सकते हैं और तस्वीरें ले सकते हैं। हालांकि, दर्शन मार्ग पर आगे बढ़ने से पहले उन्हें अपने फोन लॉकर में जमा करने होंगे।

Also Read