लोकसभा चुनाव : अयोध्या की जनसभा में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ-राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच हो रहा है यह चुनाव

UPT | मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित किया।

May 17, 2024 18:07

अमानीगंज बाजार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा की। उन्होंने तत्कालीन सपा व कांग्रेस सरकारों के कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाया...

Short Highlights
  • समाजवादी और कांग्रेस सरकारों के कार्यशैली पर सीएम योगी ने लगाया प्रश्नचिन्ह 
  • रामभक्त कल्याण सिंह की मृत्यु पर संवेदना के दो शब्द नहीं, माफिया की मौत पर मातम
Ayodhya News : फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र की मिल्कीपुर विधानसभा अंतर्गत अमानीगंज बाजार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा की। उन्होंने तत्कालीन सपा व कांग्रेस सरकारों के कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाया। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में कहा कि वर्तमान का यह चुनाव चौथा चरण आते-आते पूरे देश के अंदर रामभक्तों व रामद्रोहियों में बंट गया है। रामद्रोही वह है जो आतंकी हमला करने वालों के मुकदमें वापस लेते है। राम मंदिर को कहते है बेकार बना है। रामभक्त कल्याण सिंह की मौत पर संवेदना व्यक्त करने नहीं जाते। लेकिन माफिया के मरने पर मातम मनाने जाते हैं। जो देश में नक्सलवाद व आतंकवाद की जड़ है। विकास के कार्यों पर जगह-जगह बैरियर लगाने काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें सबसे पहला नाम सपा और साथ-साथ कांग्रेस का है। यह माफियाओं को गले का हार बनाते थे। पूरे प्रदेश को तबाह करके रखा। बड़े-बड़े माफिया पैदा किए। प्रदेश का विकास बाधित हो गया। नौजवानों के सामने पहचान का संकट आ गया। जब आप अच्छी सरकार बनाते है तो 500 वर्षो का इंतजार समाप्त होता है। रामभक्तों को संरक्षण मिलता है। माफियाओं के रामनाम सत्य की यात्रा निकाल दी जाती है।

पीएम मोदी हैं सबसे बड़े राम भक्त 
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम भक्त की परिभाषा समझाई। कहा कि राष्ट्र, भारत का विकास, सुरक्षा, देश का सम्मान, विकास के साथ बिना भेदभाव के योजनाएं देने वाला रामभक्त है। सबसे बड़े रामभक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है। उन्होंने भाषण के दौरान जनता से पूछा कि क्या सपा, कांग्रेस के रहते राममंदिर का निर्माण हो पाता। डबल इंजन की सरकार चली तो सदियों का कलंक समाप्त हुआ। अयोध्या में रामलला विराजमान हुए। 2017 में जब दीपोत्सव में अयोध्या आया था तब अयोध्या को सबसे सुन्दर नगरी व प्रदेश को माफिया से मुक्त करने की बात कही थी। तब लोग इसे मजाक कहते थे। लेकिन आज इसे बना दिया न। अयोध्या में फोरलेन कनेक्टिविटी है। मिल्कीपुर भी उससे जुड़ा है। अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है। वहां भोजनालय माता शबरी के नाम पर व रैन बसेरा निषादराज के नाम पर है। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ाया। आतंकवाद व नक्सलवाद का समाधान किया। सपा व कांग्रेस के समय राशन माफिया हावी थे। लेकिन भाजपा के शासन काल में 80 करोड़ लोग फ्री में राशन ले रहे है। गरीबों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये के बीमे की व्यवस्था है। जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है। उनके प्रार्थना पत्र पर इलाज के लिए धन की व्यवस्था की जाती है।

केंद्र की योजनाओं को प्रदेश सरकार ने गरीबों तक पहुंचाया : लल्लू सिंह
सांसद व प्रत्याशी लल्लू सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि 2017 में योगी आदित्यनाथ को जनता ने सीएम बनाया। जो योजनाएं केन्द्र सरकार ने लागू की। उसे प्रदेश सरकार ने आगे आकर गरीबों तक पहुंचाया। सपा सरकार में गुंड़े, माफिया दस-दस गाड़ियों से घूमते थे। जो मारे जाते थे उनकी रिपोर्ट नहीं दर्ज होती थी। जो मारते थे वे रिर्पोट दर्ज कराते थे। योगी जी के आने बाद माफिया उपर गए, या प्रदेश छोड़ कर भाग गए, अथवा दुबग कर घर में बैठ गए।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े-बडे़ हाइवे बिछाने का कार्य शुरू हुआ। अयोध्या मे मंदिर निर्माण के अयोध्या का विकास शुरू हुआ। गुप्तार घाट, सूर्यकुण्ड का सौन्दर्यीकरण हुआ। अयोध्या से जगदीशपुर मिल्कीपुर होते हुए फोर लेन सड़क का निर्माण हुआ। अयोध्या से विध्यवासिनी धाम तक सड़क बनी। अयोध्या में एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन का निर्माण हुआ। 84 कोसी परिधि में 150 धर्मिक तथा पौराणिक महत्व के स्थल है। इनकी महिमा के अनुरूप इनके विकास के लिए 8 हजार करोड स्वीकृत किए गए है। विधायक रामचन्दर यादव ने कहा अयोध्या का विकास सरकार ने उसकी गरिमा और महिमा के अनुसार कराया है।

भीड़ का दबाव, छोटा पड़ गया सभा का पंडाल
सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान बनाया गया पंडाल उमडे़ जनसमुदाय के लिए छोटा पड़ गया। सीएम के हेलीकाप्टर की आवाज सुनते ही जय श्री राम, भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो रहा था। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के मध्य भीड़ का दबाव इतना रहा कि लोग सभा के लिए बनाए गए टेंट के अंदर नही जा पाए तो इधर-उधर सड़क व खेतों में खड़े हो कर सीएम के भाषण को सुना।जनसभा का संचालन अवधेश पाण्डेय बादल ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, लोकसभा संयोजक डा बाके बिहारी मणि त्रिपाठी, श्री कृष्ण शास्त्री, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिपंअ रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व विधायक गोरखनाथ, रामू प्रियदर्शी, रामदेव आचार्य, रूदौली विधान सभा प्रभारी कमला शंकर पाण्डेय, संयोजक राजीव तिवारी, मिल्कीपुर विधानसभा प्रभारी गोकरन द्विवेदी, जर्नादन मौर्या, रघुनंदन चौरसिया, राघवेन्द्र पाण्डेय, अखंड सिंह डिम्पल, राधेश्याम त्यागी, पवन सिंह, सरयू दूबे, राजू दास सहित बड़ी संख्या पदाधिकारी मौजूद रहे।

Also Read