अयोध्या एयरपोर्ट पर यात्री संख्या में गिरावट : प्राण प्रतिष्ठा के समय शुरू हुईं कई नियमित सेवाएं अब हुईं वीकली, कई उड़ानें बंद

UPT | अयोध्या एयरपोर्ट

Aug 14, 2024 21:35

अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या में अचानक आई गिरावट ने विमानन कंपनियों को अपनी सेवाओं में कटौती करने पर मजबूर कर दिया है।

Ayodhya News : अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या में अचानक आई गिरावट ने विमानन कंपनियों को अपनी सेवाओं में कटौती करने पर मजबूर कर दिया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद शुरू हुई कई नियमित उड़ानें अब या तो पूरी तरह से बंद हो गई हैं या फिर साप्ताहिक सेवा में तब्दील हो गई हैं। हाल ही में, एयरपोर्ट से 10 उड़ानें बंद कर दी गई हैं, जिससे वर्तमान में केवल सात नियमित उड़ानें ही संचालित हो रही हैं। यह स्थिति प्राण प्रतिष्ठा के समय की तुलना में बहुत भिन्न है, जब रोजाना 17 से अधिक उड़ानें संचालित हो रही थीं।

ये उठानें हुई बंद
स्पाइसजेट ने अयोध्या से दरभंगा, कोलकाता, दिल्ली और पटना की उड़ानें बंद कर दी हैं। हालांकि, कंपनी अभी भी अहमदाबाद से अयोध्या तक एक सीधी उड़ान का संचालन कर रही है। अन्य एयरलाइंस जैसे अकासा, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी सेवाएं जारी रखी हैं, लेकिन कम आवृत्ति के साथ। ये कंपनियां अयोध्या से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें प्रदान कर रही हैं।



एयरपोर्ट पर यात्री संख्या में गिरावट
एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार गर्ग ने इस गिरावट का एक संभावित कारण बताया है। उनका मानना है कि देश भर में हो रही बारिश यात्रियों को यात्रा करने से रोक रही हो सकती है। यात्रियों की कम संख्या के कारण विमानन कंपनियां अपनी उड़ानें बंद करने या कम करने पर मजबूर हो गई हैं। हालांकि, यह स्थिति चिंताजनक है, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन आशावादी दृष्टिकोण रखते हुए भविष्य की योजनाओं पर काम कर रहा है।

एयरपोर्ट पर लहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा
एयरपोर्ट पर शहर का सबसे ऊंचा तिरंगा जल्द लहराने वाला है। इस तिरंगे को एयरपोर्ट की इमारत के सामने लगाया जाएगा। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार गर्ग ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही 100 फीट ऊंचा तिरंगा यात्रियों को लहराता नजर आएगा। इसको लेकर काम शुरू कर दिया गया है।

Also Read