लोकसभा चुनाव : पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश का बड़ा आरोप -कोरोना काल में जो वैक्सीन लगवाई, आज लोगों को पड़ रहे हार्ट अटैक

UPT | अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया।

May 18, 2024 20:16

लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार दोपहर मिल्कीपुर पहुंचे। क्षेत्र के पांच नंबर चौराहा स्थित मैदान में चुनावी जनसभा की।

Short Highlights
  • अखिलेश यादव बोले-भाजपा सरकार ने युवाओं को दिया धोखा, जिससे देनी न पड़े नौकरी 
  • फैजाबाद लोकसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद के समर्थन में सपा सुप्रीमो ने की जनसभा
Ayodhya News : लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार दोपहर मिल्कीपुर पहुंचे। क्षेत्र के पांच नंबर चौराहा स्थित मैदान में चुनावी जनसभा की। यह उनकी तीन दिन में दूसरी जनसभा है। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को धोखा देने का काम किया है। कोरोना काल में इन्होंने जो वैक्सीन लगवाई, आज वो लोगों की जान ले रही है। लोगों को हार्ट अटैक पड़ रहे हैं। अब वैक्सीन बनाने वाली कंपनी कह रही है कि हम वैक्सीन वापस लेंगे। शरीर में जो वैक्सीन चली गई, उसे कैसे वापस लिया जा सकता है।

सपा मुखिया ने कहा कि पीडीए की सरकार आई तो नौजवानों को उनका हक देंगे। आज नौजवानों के सामने कोई नौकरी का रास्ता नहीं बचा। जब कभी नौकरी की परीक्षा हुई तो पेपर लीक हो गया। भाजपा ने वादा किया था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। किसी किसान की आय बढ़ी क्या? इन्होंने केवल महंगाई बढ़ाई और खाद की बोरी से 10 किलो की चोरी की। बड़े-बड़े उद्योगपति बैंकों का पैसा लेकर भाग गए थे। इस सरकार में परीक्षाएं रद्द हुईं। इस बार आंसुओं का पानी खतरे के निशान ऊपर बह रहा है। 

इस बार देश का चुनाव हमारे और आपके भविष्य का है चुनाव
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जो देश का चुनाव होने जा रहा है, ये हमारे आपके भविष्य का चुनाव है। एक तरफ वो लोग हैं, जो संविधान को बचाना चाहते हैं और दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो संविधान बदलना चाहते हैं। चार चरणों के वोट पड़े हैं, उसमें बीजेपी चारों खाने चित्त है। आपने देखा होगा, अब तो आंसुओं की नदी बहने लगी है। हम किसान भाइयों से कह के जा रहे हैं कि किसानों का पूरा का पूरा कर्जा माफ करेंगे। समाजवादी पार्टी ने तय किया है कि राशन की गुणवत्ता बढ़ाएंगे। गरीबों को आटा के साथ डाटा फ्री देने का काम करेंगे। मैंने एम्बुलेंस की सुविधा दी थी, आज एंबुलेंस खराब हो गई है।

उन्होंने कहा मैंने जनता की सुविधा के लिए 100 नंबर पुलिस चलाया। इन्होंने इसे बदलकर 112 पुलिस कर दिया। यदि किसी से विवाद होता है तो पुलिस जाती है और दोनों पक्षों से रुपए लेकर वापस चली जाती है। उन्होंने फैजाबाद लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद के लिए वोट की अपील की। अवधेश प्रसाद वर्तमान में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। यहां पांचवें चरण में 20 मई को वोटिंग है। आप लोग इनको भारी वोटो से जीत कर दिल्ली भेजे। रोटी कपड़ा और मकान, उससे पहले अपना संविधान। यह चुनाव हमारे आपके भविष्य के साथ-साथ अपने आने वाली पीढ़ी का चुनाव है। अयोध्या पूरे देश दुनिया में सौहार्द के लिए जानी जाती है, अयोध्या भाईचारे एवं गंगा जमुना तहजीब की सीख देती है। जनसभा को सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे, मिल्कीपुर विधायक एवं लोकसभा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद विधानसभा अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव एवं प्रदेश सचिव माखनलाल यादव सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।

Also Read