बरेली में हृदय विदारक घटना : पिता ने बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, मां को तलाक देने से रोकने पर था खफा

UPT | अस्पताल में भर्ती आग से जला युवक

Jul 11, 2024 17:28

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखुपुर मोहल्ले में एक पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई, जिसमें 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली में एक पिता वहशी बन गया। उसने अपने बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे बेटे की हालत गंभीर है। उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखुपुर मोहल्ला निवासी आरोपी जफर की ससुराल में साले की शादी थी। शादी के दौरान आरोपी की अपनी ससुराल में लड़ाई हो गई। उसकी पत्नी ने पति को समझाया। मगर, इससे आरोपी खफा हो गया है। उसका कहना था कि पत्नी मायके वालों का पक्ष ले रही है। जिसके चलते वह ससुराल से अपने घर आ गया। इसके बाद ससुरालियों और पत्नी से खफा आरोपी पत्नी को तलाक देने की जिद पर अड़ा था। आरोपी के पुत्र सैफ (22 वर्ष) ने समझाने की कोशिश की। मगर, वह नहीं माना। इसको लेकर बेटे से कहासुनी हो गई। खफा पिता ने गुरुवार को बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 

पड़ोसियों ने अस्पताल में भर्ती कराया
आरोपी पिता के घटना को अंजाम देने के बाद पीड़ित सैफ मदद के लिए चीख रहा था। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर ने इलाज शुरू कर दिया है। घटना की जानकारी पर पीड़ित की मां और ननिहाल से भी लोग पहुंच गए। बताया जाता है इससे पहले भी आरोपी पिता बच्चों के साथ मारपीट कर चुका था। 

अब कलयुगी पिता की तलाश
इस घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई है। आरोपी कलयुगी पिता की तलाश शुरू हो गई है। आरोपी पिता की तलाश में पुलिस के साथ ही परिवार के लोग भी जुटे हैं। मगर, वह कहीं नहीं मिला है। उसके मिलने के बाद ही घटना की सही जानकारी मिल पाएगी।

Also Read