उर्स में चादर चढ़ाई : सपा नेताओं ने अमन-चैन की दुआ मांगी, भूखों को खाना खिलाने व सामूहिक विवाह की सराहना की

UPT | दरगाह पर चादरपोशी करते सपा नेता व कार्यकर्ता।

Sep 15, 2024 00:50

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से पार्टी के प्रमुख नेताओं ने शनिवार को हजरत शाह शराफत मियां के उर्स के मुबारक मौके पर चादर पेश की। पार्टी नेताओं ने दरगाह पर चादरपोशी कर फूल पेश किए।

Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से पार्टी के प्रमुख नेताओं ने शनिवार को हजरत शाह शराफत मियां के उर्स के मुबारक मौके पर चादर चढ़ाई। सपा नेताओं ने दरगाह पर चादरपोशी करते हुए फूल पेश किए और देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। इसके बाद पार्टी नेताओं ने दरगाह के सज्जादानशीन गाजी मियां से मुलाकात कर उर्स शाह शराफत मियां की मुबारकबाद दी।

अखिलेश यादव का संदेश
सपा संगठन के पदाधिकारियों ने दरगाह के सज्जादानशीन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि देश में अमन और सौहार्द बनाए रखने में बुजुर्गों और सूफियों की अहम भूमिका रही है। हजरत शाह शराफत मियां और हजरत सकलैन मियां ने हमेशा इंसानियत और भाईचारे को बढ़ावा दिया है। इस दरगाह से भूखों को खाना खिलाने और सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की गई।

उर्स के दौरान खास कार्यक्रम
उर्स-ए-शाह शराफत के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पर पहुंचे। शनिवार को उर्स का आगाज सुबह की फज्र की नमाज के बाद कुरआनख्वानी से हुआ। ख़ानक़ाह-ए-सकलैनिया शराफ़तिया में दिनभर रौनक रही। बारिश के बावजूद देशभर से लोग दरगाह पर आते रहे और चादरपोशी करते रहे। नए और पुराने शहर से लेकर दरगाह तक चादरों के जुलूस लगातार आते रहे। शाम को ईशा की नमाज के बाद एक शानदार तकरीरी प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस जलसे की शुरुआत तिलावते कलामे पाक से की गई, जिसमें देशभर के प्रख्यात उलेमा ने हिस्सा लिया।

प्रमुख उलेमाओं में मौलाना प्रोफेसर मेहमूद उल हसन, मौलाना रिफ़ाकत नईमी ककरालवी, और मुफ़्ती फ़हीम अज़हरी सकलैनी शामिल थे। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द पर बल दिया। 15 सितंबर को सुबह 11 बजे कुल शरीफ़ की रस्म अदा की जाएगी।

चादरपोशी में शामिल प्रमुख नेता 
सपा की चादरपोशी के दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक शाहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, शुभलेश यादव और अन्य सपा नेताओं ने भी दरगाह पर हाजिरी लगाई। 

Also Read