आधी रात को भाजपा सांसद से मांगी शराब : बरेली में युवक ने किया फोन, छत्रपाल सिंह गंगवार बोले- दिल्ली से भिजवाता हूं, जानें फिर क्या हुआ...

UPT | बातचीत का वीडियो वायरल।

Jun 26, 2024 23:07

बरेली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार को एक युवक ने आधी रात को फोन कर शराब भट्टी जल्द बंद होने की शिकायत की।

Bareilly News : उत्तर प्रदेश की बरेली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार को एक युवक ने आधी रात को फोन कर शराब भट्टी जल्द बंद होने की शिकायत की। बोला, सर जी नमस्कार, सांसद जी बोल रहे हैं। सांसद जी बोले हां, फिर युवक बोला, मैं अशरफी लाल गंगवार बोल रहा हूं। सांसद जी ने कहा ठीक है, प्रणाम। युवक बोला, सर जी भट्टी 10 बजे से पहले बंद हो गई। सांसद जी बोले, क्या बंद हो गई ?। युवक बोला, शराब की भट्टी। काफी देर तक सांसद समझ नहीं पाए। युवक बोला, शराब पीनी थी।

सांसद छत्रपाल सिंह ने युवक से पता पूछा। युवक ने नाम भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पीपलसाना गांव का निवासी बताया। सांसद बोले, मैं दिल्ली से शराब भिजवाता हूं। युवक बोला, दिल्ली से रहने दो, भोजीपुरा से ही भिजवा दो। शराब भट्टी की कंप्लेंट करनी थी। भट्टी रात 10 बजे से पहले बंद न हो। युवक बोला, सांसद जी मेरा नम्बर सेव कर लो। सांसद बोले, क्यों, शराब भिजवाने को, युवक बोला शिकायत करनी थी। सांसद ने कहा मैने शराब ही नहीं काफी लोगों के घर भी छुड़वा दिए हैं। मुझे तुम पहचान नहीं रहे हो, पहले जान लो कि मैं कौन हूं, फिर मुझसे बात करना, समझे...। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है।।

एक दिन पहले ली है शपथ
बरेली लोकसभा सीट से सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने एक दिन पहले मंगलवार को 18वीं लोकसभा के लिए शपथ ली थी। उन्होंने शपथ के बाद "जय हिंदू राष्ट्र, जय भारत" बोल दिया। इसके बाद संसद में जमकर हंगामा हुआ था। उनकी शपथ पर विपक्षी नेताओं ने आपत्ति भी जताई थी। विपक्ष ने कहा कि संविधान की शपथ लेकर ऐसी बात नहीं कही जा सकती, ये संविधान के खिलाफ है। आंवला लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद नीरज मौर्य ने शपथ के बाद जय संविधान, जय समाजवाद, जय भीम बोलकर शपथ खत्म की। उन्होंने शपथ के बाद जय संविधान, जय समाजवाद, जय भीम बोलकर सपा के पीडीए फार्मूले को साधा था। बरेली के दमखोदा निवासी छत्रपाल सिंह गंगवार का जन्म 20 जनवरी 1956 को हुआ था। उनको राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता रामलाल सिंह गंगवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए थे और भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। पिता के ही असर की वजह से छत्रपाल सिंह गंगवार भी अपनी युवावस्था में ही बीजेपी से जुड़ गए और लंबे समय तक संगठन में रहकर काम किया। छत्रपाल सिंह गंगवार ने 1979 में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की। 

दोनों पहली बार साल 2007 में बने विधायक
सपा सांसद नीरज मौर्य और भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार पहली बार 2007 में विधायक बने थे। आंवला सांसद नीरज मौर्य मंडल की जलालाबाद सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2012 में भी विधायक चुने गए थे, जबकि छत्रपाल सिंह बहेड़ी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे थे। उस समय उन्होंने समाजवादी पार्टी के अताउर रहमान को मात दी थी। इसके बाद वह साल 2017 में हुए उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में फिर बहेड़ी विधानसभा सीट से चुनावी दंगल में उतरे। इस बार उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी को शिकस्त दी। वह योगी की पिछली सरकार में राजस्व मंत्री भी थे। 

संतोष गंगवार का काटा टिकट
बरेली से आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का उनकी उम्र 75 साल पार होने की वजह से टिकट काट दिया गया था। गंगवार ने अपना पहला चुनाव वर्ष 1981 में बरेली लोकसभा सीट से ही लड़ा था, लेकिन इसमें उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। इतना ही नहीं, उन्हें 1984 के इलेक्शन में भी उनका हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद के चुनावों में उन्होंने तेजी पकड़ी। वह यूपी के बरेली से 1989 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि, उनकी जीत का क्रम साल 2009 में टूट गया था। उन्हें कांग्रेस के उम्मीदवार ने हरा दिया था। इसके बाद 2014 और 2019 में उन्होंने दोबारा से बरेली की लोकसभा सीट पर कब्जा जमा लिया था।

Also Read