सनकी आशिक ने प्रेमिका की कार से रौंदकर की हत्या : शादी नहीं करने से नाराज था प्रेमी, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

UPT | पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

Sep 19, 2024 19:29

गोरखपुर से बड़ी घटना सामने आई है, जहां गीड़ा पुलिस ने एक सनकी आशिक को गिरफ्तार किया है। उसने अपनी प्रेमिका की कार से रौंदकर हत्या कर दी...

Gorakhpur News : गोरखपुर से बड़ी घटना सामने आई है, जहां गीड़ा पुलिस ने एक सनकी आशिक को गिरफ्तार किया है। उसने अपनी प्रेमिका की कार से रौंदकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो गई और शादी से मना करने पर प्रेमी नाराज हो गया। नाराज प्रेमी ने कॉलेज जा रही प्रेमिका को कार से रौंद दिया और फिर फरार हो गया। पुलिस ने केवल 24 घंटे के भीतर इस आरोपी को पकड़ लिया और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार को भी बरामद कर लिया।

कॉलेज जाते समय कार से रौंदकर हत्या
गीडा थाना क्षेत्र के बरहुआ की एक युवती की 18 सितंबर को कॉलेज जाते समय कार से रौंदकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद परिजनों ने उसके प्रेमी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार को भी बरामद कर लिया गया।



प्रेस वार्ता में एसएसपी ने बताया
प्रेस वार्ता में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जानकारी दी कि गीडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपित प्रिंस यादव को गिरफ्तार किया है। प्रिंस यादव, जो कुशीनगर के गणेशपुर सुकरौली का निवासी है, को गिरफ्तार किया गया। उस दिन सुबह लगभग 10:30 बजे, मृतका की बहन सहजनवां गोरखपुर रोड पर ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रही थी। लगभग 10:45 बजे प्रिंस यादव ने स्विफ्ट डिजायर गाड़ी से आकर उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतका के गांव में आरेपी का ननिहाल
अभियुक्त प्रिंस यादव का ननिहाल मृतका के गांव में है। प्रिंस यादव पीड़ित की बहन को शादी के लिए काफी दिनों से दबाव बना रहा था । वादी की बहन द्वारा शादी से इंकार कर दिया गया जिससे नाराज होकर प्रिंस यादव ने अपनी प्रेमिका की कार से रौंद कर निर्मम हत्या कर दिया।

Also Read