Maharajganj News : नेपाल में धर्म परिवर्तन के प्रयास पर हंगामा, भारतीयों पर कालिख पोती गई और पादरी की पिटाई

UPT | पादरी की पिटाई

Sep 14, 2024 18:56

नेपाल के चर्च में धर्म परिवर्तन करने गए भारतीय को कालिख पोत कर पीटा, लगाया जय श्री राम के नारा,वीडियो हुआ वायरल।

Maharajganj News : यूपी के जनपद महाराजगंज से सटे सीमावर्ती क्षेत्र महेशपुर नेपाल में एक गंभीर घटना घटी है। नेपाल के एक चर्च में प्रार्थना और धर्म परिवर्तन के लिए पहुंचे भारतीयों को वहां के स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों द्वारा घेर लिया गया। इसके परिणामस्वरूप, कुछ लोगों की पिटाई की गई और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई। नेपाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को थाना ले जाकर पहचान कराई और फिर भारत वापस भेज दिया।

यह है पूरा मामला 
नेपाल के देवदह नगर पालिका थाना खैरहनी स्थित चर्च के पादरी अमोस पास्टर ने भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों को अपने खर्चे पर बस भेजकर नेपाल बुलाया था। इस आयोजन में निचलौल, ठूठीबारी और सदर थाना क्षेत्र के लोग शामिल हुए थे। महेशपुर में पहुंचने के बाद, ये लोग चर्च की ओर बढ़ रहे थे, जब विश्व हिंदू परिषद नेपाल और बजरंग दल नेपाल के कार्यकर्ताओं को इस आयोजन की जानकारी मिली।

पिटाई का वीडियो वायरल
सूचना मिलने पर सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष मौके पर जुट गए और हंगामा करने लगे। नेपाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बस में सवार 15 लोगों को पकड़ लिया और थाना ले जाकर उनका नाम और पता दर्ज किया। इसके बाद, पुलिस ने उन्हें भारत वापस भेज दिया। इस दौरान, गुस्साए स्थानीय लोगों ने भारतीयों के चेहरे पर कालिख पोत दी और धर्म परिवर्तन कराने वाले पादरी अमोस पास्टर की पिटाई कर दी। पादरी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नेपाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन का रुख
महेशपुर थाना प्रभारी गंगा दत्त बाडू ने बताया कि धर्म परिवर्तन के प्रयास के सिलसिले में कुछ भारतीयों को पकड़ा गया था। उनके नाम और पते की पुष्टि करने के बाद उन्हें भारत भेज दिया गया। इनके पास से बाइबिल और प्रार्थना का सामान भी बरामद हुआ है। पकड़े गए लोग नेपाल के सीमावर्ती गांवों बोदना, बकुलडीहा, किशुनपुर, ठूठीबारी, गडौरा बाजार, शीतलापुर और साधो चक के निवासी थे। 

Also Read