Gorakhpur News : किन्नर बनकर महिलाओं ने नेग न मिलने पर की लूटपाट, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

UPT | पुलिस की गिरफ्त में लूटपाट करने वाली फर्जी किन्नर।

Jul 09, 2024 16:29

यूपी के गोरखपुर में एक हैरतअंगेज कारनामा सामने आया है। जहां कार सवार पांच महिलाएं फर्जी किन्नर बनकर एक घर में शादी के बाद नेग मांगने गईं। उन्होंने घर की महिलाओं के साथ लूटपाट की और कीमती...

Gorakhpur News : यूपी के गोरखपुर में एक हैरतअंगेज कारनामा सामने आया है। जहां कार सवार पांच महिलाएं फर्जी किन्नर बनकर एक घर में शादी के बाद नेग मांगने गईं। उन्होंने घर की महिलाओं के साथ लूटपाट की और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और कार सवार पांचों महिलाओं को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

क्या है पूरा मामला
कैंपियरगंज के अमरहवा निवासी सूर्य प्रताप यादव के घर कुछ दिन पहले कार्यक्रम था। जिसे लेकर पांच महिलाएं और एक पुरुष पहुंचे और किन्नर बताकर नेग मांगने लगे। नेग ज्यादा मांगने पर सूर्य प्रताप के घर की महिलाओं ने आपत्ति जताई तो वे नाराज हो गए। घर की महिलाओं के गले से 2 मंगलसूत्र, कान की 2 बाली और सोने की 2 चेन लूट लिए। शोर सुनकर घर के परिजन और आसपास के लोग पहुंचे तो सभी कार से पीपीगंज की तरफ भागने लगे। नाथपुर निवासी अजय यादव समेत अन्य लोगों ने कार का पीछा किया तो चालक ने भरवल मोड़ पर गागी बाजार निवासी बाइक सवार युवक भोला और अरुण को टक्कर मारकर घायल कर दिया। कैंपियरगंज पुलिस की सूचना पर पीपीगंज पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को हिरासत में ले लिया। 

क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि सभी महिलाएं हैं। ये किन्नर बनकर लोगों के घर में नेग मांगती थीं और नहीं देने पर लूटपाट करती थीं। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान अंबेडकर नगर की सहाना, शाहजहां, गाजीपुर की हुश्न बानो, अफसाना, आजमगढ़ के मुबारकपुर की खुशबू और उसका पति दिलशाद के रूप में हुई है। दिलशाद कार चला रहा था। पीड़ितों की तहरीर पर इनके विरुद्ध केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया।

Also Read