ट्रेन में किशोरी से छेड़छाड़ : आरोपी रेलकर्मी को यात्रियों ने लखनऊ से कानपुर तक पीटा, इलाज के दौरान मौत

UPT | कानपुर सेंट्रल स्टेशन से बड़ी खबर

Sep 14, 2024 01:31

बरौनी से नई दिल्ली जा रही क्लोन एक्सप्रेस में अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही किशोरी से छेड़छाड़ करने पर रेलवे कर्मचारी की बुरी तरह पिटाई की गई। रेलवे कर्मचारी पर आरोप है कि उसने किशोरी को गलत तरीके से छुआ। किशोरी के परिवार वाले उसे लखनऊ से कानपुर तक पीटते रहे। यह घटना मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक चली।

Kanpur News:  कानपुर सेंट्रल स्टेशन से बड़ी खबर आई है। जहां बरौनी से नई दिल्ली जा रही 02563 क्लोन एक्सप्रेस में ट्रेन में यात्रा कर रहे एक परिवार ने रेलवे कर्मचारी पर 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद उन्होंने उसे जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी की हिरासत में घायल आरोपी को केपीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।

ये था मामला
आपको बता दें कि सरमस्तपुर मुजफ्फरपुर बिहार निवासी प्रशांत कुमार मंगलवार को सीवान से नई दिल्ली जाने के लिए 02563 बरौनी नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस में सवार हुआ था। जीआरपी की जांच के मुताबिक बुधवार की रात 11:30 बजे उसने सीट नंबर एम 1 12-15 पर यात्रा कर रहे एक परिवार की किशोरी को पहले बहला फुसलाकर अपनी सीट पर बैठाया। रात में जब मां वॉशरूम गई तो उसने मौका पाकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। जिससे वह रोने लगी, जिसके बाद आरोपी ने उसे डरा दिया,तो वह सहम गई थी। जैसे ही मां वॉशरूम से वापस लौटी तो किशोरी ने मां को पूरी घटना बताई। मां ने घटना अपने पति और ससुर को बताई और कोच के यात्रियों को भी इसकी जानकारी दी।

लखनऊ से कानपुर तक पीटते रहे
परिजनों ने आरोपी को गैलरी में ले जाकर पीटा और उसे लखनऊ से पीटते हुए कानपुर ले आए। परिजनों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बुधवार सुबह 4:35 बजे जैसे ही ट्रेन कानपुर सेंट्रल के प्लेटफार्म नंबर 7 पर पहुंची, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। बाद में किशोरी की मां और परिवार के लोग थाने पहुंचे। मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच लखनऊ ट्रांसफर कर दी। इस दौरान आरोपी प्रशांत की तबीयत खराब होने पर पुलिस ने उसे केपीएम भेजा जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज 
जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि गोपालगंज की एक महिला ने अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। चूंकि कथित घटना ऐशबाग के पास हुई थी, इसलिए मामले को वहां स्थानांतरित कर दिया गया है। ट्रेन में आरोपी की पिटाई की गई थी। केपीएम में भर्ती आरोपी की मौत की सूचना कलेक्टर गंज को दी गई। जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी। प्रशांत के चाचा आर सिंह गुरुवार सुबह कानपुर आए। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई गई। देर शाम पोस्टमार्टम भी कर दिया गया। 
 
ग्रुप डी में कार्यरत था आरोपी  
जीआरपी की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि किशोरी से छेड़छाड़ का आरोपी प्रशांत अपने पिता एस कुमार की सेवा के दौरान मौत के बाद मृतक आश्रित के तौर पर ग्रुप डी में कार्यरत था। वह मूल रूप से सरमस्तपुर मुजफ्फरपुर बिहार का रहने वाला था। वह किसी निजी काम से सीवान बिहार से नई दिल्ली जाने के लिए क्लोन एक्सप्रेस में सवार हुआ था।

Also Read