रायबरेली से सांसद बने रहेंगे राहुल गांधी ! अजय राय ने किया दावा, बोले- भगवान राम को लाने की भाजपा की हैसियत नहीं

UPT | कांग्रेस कार्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

Jun 07, 2024 14:45

अजय राय ने राहुल गांधी के रायबरेली और वायनाड लोकसभा सीट में से किसी एक के चयन को लेकर कहा कि रायबरेली गांधी परिवार की सीट है, इसलिए राहुल गांधी यहीं से सांसद बने रहेंगे। 

Short Highlights
  • राहुल गांधी रायबरेली को देंगे तरजीह
  • यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कर सकते हैं फैसला
Lucknow News : लोकसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को यूपी में संजीवीनी देने का काम किया है। यूपी में छह सीटें जीतने के बाद पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया कि जनता आगे भी पार्टी के साथ रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी के रायबरेली और वायनाड लोकसभा सीट में से किसी एक के चयन को लेकर कहा कि रायबरेली गांधी परिवार की सीट है, इसलिए राहुल गांधी यहीं से सांसद बने रहेंगे। 

भगवान राम का आशीर्वाद सबके साथ
​कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने फैजाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह की हार को लेकर कहा कि इससे साफ हो गया है कि भगवान राम का आशीर्वाद किसके साथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बड़े बोल बोलते आए ​थे कि भगवान राम को हम लाए हैं। भगवान राम को लाने की हैसियत इनकी नहीं है। भगवान राम सबके हैं, भगवान राम ने भी कह दिया हम सबके हैं, सबके साथ हैं। सबके ऊपर मेरा आशीर्वाद है।
फैजाबाद लोकसभा सीट से सपा के अवधेश प्रसाद ने 554289 मत हासिल करके भाजपा के लल्लू सिंह को 54567 मतों से शिकस्त दी है। अयोध्या से भाजपा की हार की पूरे देश में चर्चा है।

अयोध्या की जनता ने भाजपा को नकारा
अजय राय ने कहा कि भाजपा शासन में अयोध्या की जनता के साथ अत्याचार किया गया। उनके मकान तोड़े गए, बिना मुआवजा दिए जमीन ली गई। इन सबको वहां की जनता ने नकारा है और सबसे बड़ा आशीर्वाद भगवान राम ने दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता ने जमकर मेहनत की और साथ दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैं सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने इतना बड़ा काम किया और भाजपा को हराया। उन्होंने कहा कि भाजपा की बड़ी-बड़ी और झूठी बातों में नहीं आकर जनता ने कांग्रेस का साथ दिया और जनता कांग्रेस के साथ है।

रायबरेली और वायनाड में राहुल गांधी की जीत
राहुल गांधी ने रायबरेली से 390030 मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी की संसदीय सीट से चुनाव लड़ते हुए भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को करारी शिकस्त दी। राहुल गांधी को 687649 मत और दिनेश प्रताप सिंह को 297619 वोट मिले। इसके अलावा राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की एनी राजा को 364422 मतों से हराकर जीत हासिल की। राहुल गांधी को 647445 मत और एनी राजा को 283023 वोट मिले। 

रायबरेली की जनता से सोनिया गांधी ने की थी अपील
राहुल गांधी को अब रायबरेली और वायनाड लोकसभा में से एक सीट छोड़नी है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। रायबरेली सीट कांग्रेस का गढ़ कही जाती है। इस बार सोनिया गांधी ने चुनाव के दौरान रायबरेली की जनता को अपना बेटा सौंपने की बात कही थी। राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने के कारण अमेठी पर भी प्रभाव पड़ा और किशोरी लाल शर्मा स्मृति ईरानी को 167196 मतों से हराने में सफल रहे। 

कांग्रेस यूपी में नहीं उठाना चाहेगी जोखिम
राहुल गांधी के रायबरेली सीट छोड़ने से कार्यकर्ताओं के बीच अच्छा संदेश नहीं जाएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा भी उत्तर प्रदेश के प्रदर्शन से सबसे ज्यादा खुशी का इजहार कर चुकी हैं। इसके अलावा यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। यहां उपचुनाव की स्थिति पैदाकर कांग्रेस पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी। इसलिए रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल गांधी सांसद बने रहेंगे।

भाई की सीट पर प्रियंका गांधी लड़ सकती हैं उपचुनाव
केरल में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 14 लोकसभा सीटें जीती हैं। यहां पार्टी उत्तर प्रदेश की अपेक्षा बेहद मजबूत स्थिति में है। राहुल गांधी के वायनाड लोकसभा सीट से इस्तीफा देने पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से इस सीट पर उपचुनाव लड़ने की अपील कर सकते हैं। ये सीट कांग्रेस के लिए सुरक्षित मानी जाती है। मुमकिन है कि भाई की सीट पर बहन चुनावी मैदान में उतरकर नई सियासी पारी खेल सकती हैं। गांधी परिवार इसके जरिए उत्तर के साथ दक्षिण में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने की कोशिश कर सकता है।

Also Read