UP News : बिजली कंपनियों में अब GATE स्कोर के आधार पर होगी सहायक अभियंता की भर्ती, इस वजह से किया गया फैसला

UPT | उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन

Sep 16, 2024 00:35

यह नई भर्ती प्रणाली सिर्फ उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन, उत्तर प्रदेश स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम जैसी सहायक कंपनियों में भी लागू की जाएगी। आने वाले समय में सभी सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) पदों पर भर्ती इसी प्रणाली के तहत की जाएगी।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश में बिजली कंपनियों में सहायक अभियंता (एई) की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब से उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन (UPPCL) और उसके सहयोगी संस्थानों में सहायक अभियंताओं की भर्ती 'गेट' (Graduate Aptitude Test in Engineering) के आधार पर की जाएगी। यह निर्णय निगम और सहयोगी संस्थाओं में पारदर्शिता और योग्यता पर आधारित भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत सहायक अभियंताओं की नियुक्ति के लिए अलग से कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।

गेट परीक्षा विश्वसनीयता में है अव्वल
GATE परीक्षा को भारतीय इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सबसे विश्वसनीय परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इसी कारण से ओएनजीसी, बीएचईएल, एनटीपीसी जैसी प्रमुख सरकारी कंपनियां भी गेट के माध्यम से अभियंताओं की भर्ती करती हैं। यह परीक्षा भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय समन्वय बोर्ड द्वारा आयोजित की जाती है, जिसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का सहयोग होता है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल का कहना है कि इस बदलाव से सहायक अभियंताओं की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और योग्य उम्मीदवारों का चयन संभव हो सकेगा। गेट स्कोर के आधार पर भर्ती की इस प्रणाली से उत्तर प्रदेश में बिजली कंपनियों के लिए अधिक मेधावी अभियंता चुने जाएंगे।

सहायक कंपनियों में भी लागू होगी नई व्यवस्था
यह नई भर्ती प्रणाली सिर्फ उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन, उत्तर प्रदेश स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम जैसी सहायक कंपनियों में भी लागू की जाएगी। आने वाले समय में सभी सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) पदों पर भर्ती इसी प्रणाली के तहत की जाएगी। इस बदलाव से बिजली कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से, गेट स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी, जिससे योग्य और सक्षम उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित हो सके। 

Also Read