मिशन ग्रीन यूपी : कंक्रीट के जंगलों से सुरक्षित नहीं रहेगी धरती, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- वृक्षारोपण को बनाएं जनांदोलन

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनप्रतिनिधियों से वर्चुअली संवाद।

Jul 18, 2024 19:44

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आगामी 20 जुलाई को आयोजित होने जा रहे वृक्षारोपण महाभियान को लेकर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, नगर निगमों के महापौर और जनप्रतिनिधियों से वर्चुअली संवाद किया।

Short Highlights
  • यूपी सरकार 25 हजार किसानों का करेगी सम्मान
  • 54.20 करोड़ पौधे किए गए तैयार
Lucknow News :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धरती कंक्रीट के जंगलों से सुरक्षित नहीं रहेगी। हमें उसे उसके मूल स्वरूप को देना होगा। इसके लिए जरुरी है, वृहद स्तर पर पौधे रोपे जाएं। इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। वृक्षारोपण से नदियां भी सदानीरा बनी रहेंगी। वृक्षारोपण को जनांदोलन बनाएं। जनसहभगिता से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प पूरा होगा।

सीएम योगी ने किया वर्चुअली संवाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 20 जुलाई को होने जा रहे वृक्षारोपण महाभियान को लेकर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, नगर निगमों के महापौर और जनप्रतिनिधियों से वर्चुअली संवाद किया। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी कार्ययोजना से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि इस बार हमारा लक्ष्य 36 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का है। इसके लिए नर्सरियों व अन्य स्थानों पर 54.20 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ऋषि परंपरा बताती है कि "नास्ति मूलं अनौषधं" यानी कोई ऐसा मूल नहीं, जिससे कोई औषधि न बने। इसीलिए अलग-अलग प्रकार के पौधे लगाएं। कहीं छायादार वृक्ष हों, कहीं फलदार तो कहीं इमारती लकड़ी वाले तो कहीं औषधीय पौधे लगाएं।

शहीदों की स्मृति में बनाएं वाटिका
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़कों के किनारे व डिवाइडर पर पौधे लगा सकते हैं। नदियों के किनारे, अमृत सरोवर के पास वृक्षारोपण करें। वृक्षारोपण नदियों को सदानीरा बनाएगा। पीपल, पाकड़, जामुन, आम, नीम, गुटेल, बरगद, हरसिंगार, मौलश्री, चितवन, अर्जुन के पौधे लगाएं। पूर्वजों, महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों की स्मृति में वाटिका बनाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बीते 07 वर्षों में हुए प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश को 200 करोड़ रुपये कार्बन क्रेडिट के रूप में मिलने वाले हैं। इसका लाभ उन 25 हजार किसानों को मिलेगा, जिन्होंने इस अभियान में योगदान किया है। बहुत जल्द किसानों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने कहा- मिलकर बनाएंगे ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी
गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि अपने क्षेत्र में हमने 06 जंगल मियावाकी के बनाये हैं। इस बार हम बड़े और फलदार पौधे लगाने जा रहे हैं। कच्ची बस्तियों के आसपास भी छोटे-छोटे वन विकसित करने की योजना बनाई है। इसके अलावा, हम लोग कार्बन उत्सर्जन कम करने को लेकर भी काम कर रहे हैं। वहीं मुरादाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष शेफाली सिंह चौहान ने कहा कि पिछले साल हमने 22 लाख 85 हजार पौधे लगाए थे। जिसमें से 85% पौधे अभी तक सुरक्षित हैं। इस। बार भी सभी 746 गांवों में वृक्षारोपण करेंगे। इसके अलावा

18 मंडलों में भी लगेंगे पौधे, सर्वाधिक लखनऊ मंडल में
अभियान के तहत सभी 18 मंडलों में भी पौधे लगाए जाएंगे। सबका लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। सबसे अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य लखनऊ मंडल को दिया गया है। लखनऊ मंडल में चार करोड़ एक लाख 73 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। कानपुर मंडल में 2.96 करोड़,  चित्रकूट में 2.89 करोड़,  झांसी में 2.82 करोड़, मीरजापुर में 2.62 करोड़,  अयोध्या में 2.39 करोड़,  देवीपाटन में 2.14 करोड़, प्रयागराज में 2.07 करोड़, बरेली में 1.91 करोड़, वाराणसी में 1.76 करोड़,  मुरादाबाद में 1.83 करोड़, आगरा में 1.68 करोड़, गोरखपुर में 1.65 करोड़, आजमगढ़ में 1.30 करोड़, अलीगढ़ में 1.22 करोड़, मेरठ मंडल में 1.16 करोड़, बस्ती में 1.11 करोड़ व सहारनपुर मंडल में 90.23 लाख पौधे लगेंगे। पौधरोपण स्थलों की जियो टैगिंग भी होगी।

विभागवार लक्ष्य तय
वन विभाग की तरफ से पहले 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन विगत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 36.46 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य दिया। वहीं इसे संशोधित करने के बाद वन विभाग ने 20 जुलाई को 36.50 करोड़ पौधरोपण की तैयारी की है। इसके लिए वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन की ओर से 14.29 करोड़, ग्राम्य विकास विभाग को 13 करोड़, कृषि को 2.80 करोड़, उद्यान विभाग 1.55 करोड़, पंचायती राज को 1.27 करोड़, राजस्व को 1.05 करोड़, नगर विकास को 44.97 लाख, उच्च शिक्षा को 22.54 लाख, रेशम को 14.19 लाख, लोक निर्माण को 14.93 लाख, रेलवे को 12.66 लाख व जलशक्ति को 13.41 लाख, बेसिक शिक्षा को 15.43 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गय है।  

स्वास्थ्य विभाग लगाएगा 19.91 लाख पौधे
स्वास्थ्य विभाग को 19.91 लाख, उद्योग (एमएसएमई) को 15.55 लाख, औद्योगिक विकास विभाग को 7.73 लाख, माध्यमिक शिक्षा विभाग को 11.63 लाख, गृह को 10 लाख, पशुपालन को 7.26 लाख, ऊर्जा को 5.60 लाख, सहकारिता को 7.60 लाख, आवास विकास को 8.38 लाख, रक्षा को 4.95 लाख, प्राविधिक शिक्षा को 8.06 लाख, श्रम को 2.69 लाख, परिवहन विभाग को 2.53 लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है।

Also Read