Lucknow News : कुमार प्रशांत को मिला डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान, उत्कृष्ट कार्यों के लिए 12 विभूतियां सम्मानित

UPT | कुमार प्रशांत को मिला डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान।

Sep 01, 2024 22:17

साहित्यकार कुमार प्रशांत को साल 2024 का डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान दिया गया। रविवार को गांधी भवन में आयोजित समारोह में उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया।

Lucknow News : साहित्यकार, गांधी विचाकर और वरिष्ठ पत्रकार कुमार प्रशांत को साल 2024 का डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान दिया गया। रविवार को गांधी भवन में आयोजित समारोह में गांधी शांति प्रतिष्ठान दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत को यह सम्मान वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना, वन्दना मिश्रा, प्रो. नदीम हसनैन और हफीज किदवई ने संयुक्त रूप से सौंपा। इसके अलावा एफिल क्लब एल्डिको ग्रीन में हुए सारस्वत सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया।

हमेशा प्रेरित करता रहेगा रजा का साहित्य 
डॉ. राही मासूम रजा साहित्य एकेडमी की ओर से आयोजित समारोह में मशहूर शायर शनने नकवी ने राही की नज़्म को पढ़कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राही मासूम रजा एकेडमी की स्मारिका साझी विरासत का विमोचन हुआ। कवि दिनेश प्रियमन और गांधीवादी विचारक राम धीरज ने कुमार प्रशांत के कार्यों पर चर्चा की। नरेश सक्सेना ने डॉ. राही के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। प्रो. अरुण त्रिपाठी ने कुमार प्रशांत के जीवन, कार्यों और सामाजिक साहित्यिक योगदान पर चर्चा की। एकेडमी अध्यक्ष वन्दना मिश्रा कहा कि डॉ. राही मासूम रजा का साहित्य हमेशा हमारे दिलों में रहेगा और हमें प्रेरित करता रहेगा। 

12 विभूतियां सम्मानित
पंडित बृजमोहन अवस्थी सुस्मृति संस्थान की ओर से रविवार को समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया गया। एफिल क्लब एल्डिको ग्रीन में हुए सारस्वत सम्मान समारोह में शिक्षाविद्, साहित्यकार, समाजसेवी, एडवोकेट, पर्यावरणविद् को सम्मानित किया गया। 

डा. दुर्गाशंकर शुक्ल को सतीशचंद्र अवस्थी चिकित्सा सेवा सम्मान 
समारोह में पंडित महादेव प्रसाद अवस्थी कर्तव्य-निष्ठा सम्मान से इंजी. अरविन्द कुमार जैन, डॉ. सतीशचंद्र अवस्थी चिकित्सा-सेवा सम्मान से डा. दुर्गाशंकर शुक्ल, पंडित हरिश्चंद्र अवस्थी विधिवेत्ता सम्मान से अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, डॉ. सुरेशचंद्र अवस्थी लोक संस्कृति सम्मान से फिल्म निर्देशक-चित्रकार शिवा सिंह, सुमित्रादेवी अवस्थी सद्भावना सम्मान से डा. अनीता श्रीवास्तव और पंडित महेशप्रसाद अवस्थी शिक्षाविद् सम्मान से शिक्षक, साहित्यकार डा. विनय दास को सम्मानित किया गया। 

लोक सेवा सम्मान से नवाजे गए मनीष त्रिपाठी
इसी तरह लोक-सेवा सम्मान से प्रधान सेवक निकेतन मनीष त्रिपाठी एवं प्रो. सुरेशचंद्र दीक्षित पर्यावरण सम्मान से पर्यावरणविद् डॉ. जिनेन्द्र कुमार जैन ने सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गेंदारानी अवस्थी साहित्य सेवा सम्मान से कथाकार सीमा मधुरिमा, पंडित बृजमोहन अवस्थी समाज सेवा सम्मान से समाज सेवी कैलाश जैन, पंडित बृजमोहन अवस्थी साहित्य सेवा सम्मान साहित्याकर दयानंद पांडेय, पंडित रुद्रप्रसाद अवस्थी साहित्य समीक्षा सम्मान से अरुण सिंह, डॉक्टर शिवदीन अवस्थी को सम्मानित किया गया। 

न्यायमूर्ति ने किया सम्मानित
मुख्य अतिथि राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने इन विभूतियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिशिर पाण्डेय ने की। 

Also Read