कांग्रेस का आचार्य प्रमोद कृष्णम पर पलटवार : कहा- खराब संगत में जाते ही गुरु बृहस्पति से हो गये शुक्राचार्य

UPT | Acharya Pramod Krishnam-Surendra Rajput

Sep 22, 2024 20:09

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि आज आचार्य प्रमोद कृष्णम छोटे-छोटे लालच में इस तरह के बयान दे रहे हैं। हमें प्रमोद कृष्णम जैसे कांग्रेस के भगोड़े व्यक्ति से ज्ञान लेने की आवश्यकता नहीं है। देश के आजादी से लेकर देश को बनाने, संवारने और विकसित करने में जो कांग्रेस का योगदान है, वह दुनिया जानती है।

Lucknow News : संभल स्थित कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने उन पर पलटवार किया है। कांग्रेस से अलग होने के बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम पार्टी पर हमलावर बने हुए हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस जिन्ना के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने राहुल गांधी के विदेशी धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना को लेकर भी​​ निशाना साधा। इस पर पार्टी प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उन्हें शुक्राचार्य कहकर तंज किया।

चाटुकारिता करने का लगाया आरोप
सुरेंद्र राजपूत ने रविवार को अपने बयान में कहा कि जब तक आचार्य प्रमोद कृष्णम अच्छी संगत में थे तब तक वह गुरु बृहस्पति की तरह से थे और जब संगत खराब हो गई तब शुक्राचार्य हो गए। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में आचार्य प्रमोद कृष्णम सिर्फ और सिर्फ भाजपा और नरेंद्र मोदी की चाटुकारिता में रहते हैं। वह सिर्फ झूठ, छल, कपट और प्रपंच कर रहे हैं।
  आचार्य प्रमोद कृष्णम छोटे-छोटे लालच में दे रहे बयान
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आचार्य जी आपको पाप और श्राप लगेगा। यह कांग्रेस है, जिसने एक पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। यह कांग्रेस है जो शहीदों का परिवार है, जिसको आप खुद शहीदों का परिवार कहते थे। आज आपको क्या हो गया। राजपूत ने कहा कि आज आचार्य प्रमोद कृष्णम छोटे-छोटे लालच में इस तरह के बयान दे रहे हैं। हमें प्रमोद कृष्णम जैसे कांग्रेस के भगोड़े व्यक्ति से ज्ञान लेने की आवश्यकता नहीं है। देश के आजादी से लेकर देश को बनाने, संवारने और विकसित करने में जो कांग्रेस का योगदान है, वह दुनिया जानती है।



आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले- मोहम्मद अली जिन्ना के रास्ते पर चल रही कांग्रेस
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपने ताजा बयान में कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कांग्रेस की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। लेकिन, वर्तमान समय की कांग्रेस महात्मा गांधी के आदर्शों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले की कांग्रेस में सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना आजाद, सुभाष चंद्र बोस और पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे महान नेता थे, जो देश की आजादी और विकास के लिए संघर्षरत थे। लेकिन, आज की कांग्रेस ने उन मूल्यों को छोड़ दिया है और अब यह मोहम्मद अली जिन्ना के रास्ते पर चल रही है।

कल्कि धाम के पीठाधीश्वर ने राहुल गांधी पर किया कटाक्ष
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश के बाहर जाकर भारत की छवि को धूमिल करते हैं और देश का मान-सम्मान गिराते हैं। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अगर किसी को देश की समस्याओं पर बात करनी है, तो वह देश के भीतर रहकर की जा सकती है, लेकिन विदेश में जाकर देश की व्यवस्थाओं की आलोचना करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि देश की आलोचना को लेकर भाषा की मर्यादा होनी चाहिए, चाहे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हो या किसी और के खिलाफ। किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति के बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि वे इस तरह की आलोचनाओं का विरोध करते हैं, खासकर जब यह देश के बाहर की जाती है, क्योंकि यह देश की गरिमा के खिलाफ है।

Also Read