Lucknow News : संचारी रोग के प्रति करें जागरूक, मंडलायुक्त ने अफसरों के कसे पेंच

UPT | मीटिंग करती मंडलायुक्त।

Sep 28, 2024 14:39

उत्तर प्रदेश के लखनऊ मंडल में संचारी रोग की रोकथाम के लिए मंडलायुक्त रोशन जैकब बेहद संजीदा नज़र आ रही है। बीमारियों से आम जन को बचाने और जागरूक करने के लिए विभागीय अधिकारियों संग मंडलायुक्त ने बैठक की। बैठक में अफसरों को सख्त निर्देश देते हुए मंडल स्तर पर साफ सफाई और बीमारियों के रोकथाम के लिए कड़े प्रबंध उठाने की हिदायत भी दी।

Lucknow News :  मंडलायुक्त रोशन जैकब ने संचारी रोग की रोकथाम को लेकर अधिका​रियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडल स्तर पर साफ-सफाई और बीमारियों के रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक देने की हिदायत भी दी। मंडलायुक्त ने संचारी रोग और दस्तक अभियान के संबंध में आयुक्त सभागार में बैठक की। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त केके सिंह, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज अग्रवाल सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

घर-घर जाकर करें जागरुक
मंडलायुक्त रोशन जैकब ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आशा कार्यकत्री, एएनम व संबंधित स्टॉफ प्रत्येक घर का दौरा कर दिमागी बुखार, डायरिया, जलजनित रोग के रोकथाम और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करते रहें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत  दस्त, निमोनिया और जन्मजात बिमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क जांच एवं उपचार तथा परिवहन सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। पांच साल से कम उम्र के सभी बच्चों की खून की कमी की जांच, छः माह से पांच वर्ष तक के गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान और नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ का घोल दिया जाना है।



बच्चों को जागरूक करने के लिए टीम एक्टिव
रोशन जैकब ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी वेक्टर जनित और जल जनित रोगों की रोकथाम के साथ नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराते रहें। उथले हैंडपंप को लाल रंग से चिन्हीकरण और इंडिया मार्क हैंडपंप, प्लेटफॉर्म की मरम्मत प्राथमिकता पर करें। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया की बरसात का मौसम संचारी रोगों के लिए अतिसंवेदनशील होता है। कुछ सावधानियां बरतकर इन रोगों से बचा जा सकता है। सबसे जरूरी है कि साफ-सफाई रखें। बच्चों को खाना खाने से पहले और शौच जाने के बाद अच्छे से हाथ साफ करने के लिए जागरूक करते रहें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें, इससे मच्छर पैदा होते हैं और मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया के फैलाव के कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण जानकारियां डोर टू डोर देते हुए लोगों को जागरूक किया जाए।

नालियों की नियमित सफाई पर मंडलायुक्त सख्त
जैकब ने कहा कि नालियों में जमें शिल्ट तत्काल साफ कराते हुए नियमित रूप से फॉगिंग एंटी लार्वा का छिड़काव कराते रहे। टूटी-फूटी नालियों की मरम्मत तत्काल करा ली जाए। खाली प्लॉटों में कूड़ा डंप न होने पाए। साथ ही कूड़े शिफ्टिंग का कार्य ससमय कराते रहें। वॉटर व सीवर लाइन में रिसाव न होने पाए। इसकी एक बार रिचेकिंग कर ली जाए। जनपदों में मच्छरों के प्रजनन एवं घनत्व की स्थिति की सतत निगरानी करते रहें। हाई रिस्क एरिया में अंतर विभागीय सहयोग के साथ सघन वाहन, मच्छर नियंत्रण गतिविधियां करें। घरों के अंदर जाकर मच्छरों के प्रजनन अनुकूल की स्थितियों की जांच करना प्राथमिकता पर किया जाना सुनिश्चित किया जाए। मच्छरों के प्रजनन पर रोक तथा मच्छरों के काटने से बचाव के उपाय के विषय में जानकारी आश और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डोर-टू-डोर नियमित रूप से देते रहें।

Also Read