Hardoi News : अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की कोशिश में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आग की चपेट में, पुलिस ने रोका प्रदर्शन

UPT | पुतला फूंकते के भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता

Sep 15, 2024 01:51

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान से नाराज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हरदोई में उनका पुतला दहन करने का प्रयास किया

Hardoi News : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान से नाराज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हरदोई में उनका पुतला दहन करने का प्रयास किया। लेकिन इस दौरान पुलिस की सक्रियता और रोक-टोक के चलते प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का मंसूबा सफल नहीं हो पाया। पुतला फूंकने की कोशिश में कुछ कार्यकर्ता खुद ही आग की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने पुतला फूंकने से रोका
घटना हरदोई के सिनेमा चौराहे की है, जहां भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अखिलेश यादव के बयान के विरोध में पुतला दहन के लिए जुटे थे। अखिलेश यादव ने हाल ही में एक विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि "मठाधीशों और माफियाओं में कोई अंतर नहीं है।" इस बयान के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया, और भाजपा युवा मोर्चा ने अखिलेश यादव के खिलाफ पुतला दहन करने का आह्वान किया।

पोस्टर को जलाने का प्रयास
हरदोई में भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अखिलेश यादव का पुतला दहन करने के लिए सिनेमा चौराहे पर एकत्र हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचतान हुई, जिससे पुतला टूट गया। इसके बाद नाराज युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे इसमें सफल नहीं हो सके। 

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान
नाराज कार्यकर्ताओं ने किसी भी तरह से पुतला जलाने का प्रयास जारी रखा और अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने उनकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया और फायर एक्सटेंशनर का उपयोग करके पुतले को जलने से रोक लिया। इसके बाद, कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के पोस्टर पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में कुछ कार्यकर्ता खुद ही आग की चपेट में आ गए। उनके कपड़ों और हाथों में आग लग गई। पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए कंबल और अन्य साधनों से आग बुझाई, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

मीडिया से दूरी बनाए कार्यकर्ता
इस घटना के बाद, भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देने से कार्यकर्ता और पदाधिकारी कतराते नजर आए।

Also Read