Lucknow News : भाषा विश्वविद्यालय में नए कुलसचिव महेश कुमार ने कार्यभार संभाला, कैंपस प्लेसमेंट में 35 छात्रों का चयन

UPT | कुलसचिव महेश कुमार।

Jul 03, 2024 23:56

प्रतिष्ठित कंपनी एडब्ल्यूएस अमेजन के लिए टेलीपरफॉर्मेंस ग्लोबल प्राइवेट इंडिया लिमिटेड में बी.टेक कंप्यूटर साइंस के 35 छात्रों ने अच्छे पैकेज पर प्लेसमेंट हासिल किया।

Lucknow News : ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (केएमसीएलयू) में नए कुलसचिव ने बुधवार को कार्यभार संभाला। महेश कुमार ने कुलसचिव का पद ग्रहण करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय से संबंधित कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ में कुलसचिव पद पर कार्यरत थे। उन्होंने भाषा विश्वविद्यालय में बेहतर कार्यप्रणाली पर जोर दिया। वहीं भाषा विश्वविद्यालय में बी.टेक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. एन बी सिंह, प्रभारी निदेशक प्रो. हैदर अली की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के बी.टेक कंप्यूटर साइंस के मेधावी छात्रों को प्लेसमेंट मिला।

ग्लोबल कंपनी अमेजन में हुआ प्लेसमेंट
प्रतिष्ठित कंपनी एडब्ल्यूएस अमेजन के लिए टेलीपरफॉर्मेंस ग्लोबल प्राइवेट इंडिया लिमिटेड में बी.टेक कंप्यूटर साइंस के 35 छात्रों ने अच्छे पैकेज पर प्लेसमेंट हासिल किया। प्रभारी निदेशक प्रो. हैदर अली ने बताया कि यह हमारे छात्रों की कठिन परिश्रम, समर्पण और विश्वविद्यालय की उच्च स्तरीय शिक्षा प्रणाली का जीता-जागता प्रमाण है। यह विश्वविद्यालय छात्रों को न केवल उत्कृष्ट शैक्षिक ज्ञान प्रदान करता है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक दुनिया के लिए भी पूरी तरह तैयार करता है। छात्रों ने अपनी मेहनत और हुनर से विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।

कुलपति प्रो. एन बी सिंह ने दी बधाई
भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर एन बी सिंह ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. शान ए. फातिमा, सहायक प्रोफेसर (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) और अप्रतिम चटर्जी, सहायक प्रोफेसर (अप्लाइड साइंस और ह्यूमन स्टडीज) को इस प्लेसमेंट ड्राइव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने छात्रों को सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा। विश्वविद्यालय की ओर से हम अपने छात्रों की निरंतर सफलता की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

Also Read