लखनऊ में बड़ा हादसा : शहीद पथ पर बिल्डिंग गिरने से 8 की मौत, 20 घायल, सीएम योगी ने दिए बचाव कार्य में तेजी के निर्देश

UPT | शहीद पथ पर बिल्डिंग गिरी

Sep 08, 2024 01:55

लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित शहीद पथ पर एक बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है...

Lucknow News : लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित शहीद पथ पर एक बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। लोकबंधु अस्पताल प्रशासन के अनुसार 20 मरीज़ चोटिल अवस्था में लाए गए हैं, 3 की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें रेफर किया गया है। वहीं मरने वालों की संख्या 8 बताई जा रही है। मलबे में अभी कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में देर रात तक जुटी रहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। 

इनकी हुई हादसे में मौत
नायब तहसीलदार गोवर्धन शुक्ला लोक बंधु अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि घटना में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 20 व्यक्ति अभी घायल हैं। मृतकों की पहचान कर ली गई है।
  1. मनजीत सिंह शहानी
  2. धीरज
  3. पंकज
  4. अरुण 
  5. राम किशोर 
  6. राजेश कुमार
  7. रुद्र यादव
  8. जगरूप सिंह
कैसे हुआ हादसा 
आशियाना निवासी राकेश सिंघल का हरमिलाप ( ग्राउंड प्लस 2) टावर था। टावर के ग्राउंड फ्लोर पर आशियाना निवासी जसमीत साहनी (45 वर्ष) का मोबिल ऑयल और दूसरी मंजिल पर दवा का गोदाम था। पहली मंजिल पर मनचंदा का गिफ्ट सेंटर का गोदाम था। शनिवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे तेज बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे बाद अचानक पूरी बिल्डिंग ढह गई। इससे आसपास भगदड़ मच गई। सबसे पहले पुलिस मौके पर पहुंची। फिर दमकल और उसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की पहुंची टीमों ने राहत-बचाव शुरू किया। एक-एक कर 30 लोगों को निकाला गया। इसमें से कारोबारी जसमीत, पंकज, धीरेंद्र उर्फ धीरज व दो अन्य की मौत हो गई। जबकि दो की अस्पताल में मौत हो गई। 
  बचाव कार्य में तेजी
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। अब तक 10 घायलों को बचाकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आसपास के अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

सीएम ने संज्ञान लिया
उपजिलाधिकारी सरोजनी नगर स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया है। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और बचाव कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान न डालें।
 

#WATCH | Lucknow building collapse | Rescue operations to evacuate the trapped people are underway. Fire Department and NDRF teams are at the spot. The evacuated people are being sent to the hospital.

So far, 4 people have been evacuated in the incident. pic.twitter.com/gN3GWrAQ4X

— ANI (@ANI) September 7, 2024 राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा
बिल्डिंग गिरने की घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। इस हादसे में घायलों को लोकबंधु अस्पताल लाया गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें कई जेसीबी मशीनें मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।

कंटेनर चालक की बाल-बाल बची जान
दुर्घटना के समय एक कंटेनर से दवाओं की खेप उतारकर गोदाम पहुंचाई जा रही थी। कंटेनर चालक राकेश कंटेनर की ड्राइविंग सीट पर बैठे थे। ट्रक का आधे से अधिक हिस्सा बिल्डिंग के भीतर था। बिल्डिंग ढहते ही कंटेनर का आधे से अधिक हिस्सा मलबे में दब गया। हर तरफ धूल का गुबार छा गया। राकेश केबिन का दरवाजा कूदकर भाग गए। बमुश्किल उनकी जान बची।

राजनाथ सिंह ने की डीएम से बात 
लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में बारिश के कारण तीन मंजिला इमारत के ढहने से हादसे में हुई मौत और कुछ लोगों के मलबे में दबकर घायल होने की जानकारी मिलने पर लखनऊ सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ जिला अधिकारी सूर्यपाल गंगवार से फोन पर वार्ता करके हादसे की जानकारी ली और घायलों को तत्काल समुचित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिये। 

ये लोग हुए हैं घायल
राजेंद्र (25 वर्ष), भानु सिंह (22 वर्ष), शत्रुघ्न सिंह (60 वर्ष), शिव मोहन (38 वर्ष), प्रवीणा (30 वर्ष), शांति देवी (65 वर्ष), आदर्श यादव (10 वर्ष), काजल यादव (14 वर्ष), आकाश कुमार (28 वर्ष), आकाश सिंह (24 वर्ष), विनोद यादव (45 वर्ष), आदित्य (21 वर्ष), आकाश कुमार (19 वर्ष), अनूप कुमार मौर्य (40 वर्ष), बहादुर (55 वर्ष), ओम प्रकाश (25 वर्ष), हेमंत पांडेय (35 वर्ष), सुनील (28 वर्ष), दीपक कुमार (28 वर्ष), विनीत कश्यप (28 वर्ष), लक्ष्मी शंकर (25 वर्ष), अतुल राजपूत (25 वर्ष), नीरज (35 वर्ष), एक अज्ञात। 

Also Read