O P Rajbhar : मंत्री बनाए जाने के सवाल पर राजभर का अनोखा बयान, राज्यसभा चुनाव को लेकर भी कही बड़ी बात

UPT | ओम प्रकाश राजभर

Feb 29, 2024 14:53

मंत्री बनने के सवाल का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि जब तक उन्हें राजपाट नहीं मिलेगा तब तक वो होली नहीं मनाएंगे। राजभर  जोड़ा कि इतिहास में यह दर्ज है कि होली के दिन ही भर जाति का राजपाट छीना गया…

Short Highlights
  • अखिलेश यादव का दाहिना हाथ यानी मनोज पांडेय भी उधर चले गए - ओम प्रकाश राजभर 
  • मंत्री बनने के सवाल का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि जब तक उन्हें राजपाट नहीं मिलेगा तब तक वो होली नहीं मनाएंगे।
Lucknow News : समाजवादी पार्टी का साथ छोड़ने के बाद से सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मंत्री बनाए जाने का इंतजार कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव के बाद राजभर अखिलेश का साथ छोड़कर योगी आदित्यनाथ के साथ आ गए थे। अब उन्होंने मंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक राजपाट नहीं मिलेगा तब तक होली नहीं मनाऊंगा।

होली के दिन ही भर जाति का राजपाट छीना गया था : राजभर 
मंत्री बनने के सवाल का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि जब तक उन्हें राजपाट नहीं मिलेगा तब तक वो होली नहीं मनाएंगे। राजभर ने जोड़ा कि इतिहास में यह दर्ज है कि होली के दिन ही भर जाति का राजपाट छीना गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि आप देखते जाइए क्या होता है। हम तो होली मनाते नहीं है। क्योंकि हमने इतिहास पढ़ा है कि भर जाति का राज पाट होली के दिन ही छीन लिया गया था। इतिहास की बात है कि जब इस देश में 585 राजा होते थे तो 165 अकेले भर ही राजा थे। खाने-पीने में ये सब इतने मस्त हो गए कि इन सबको खिला-पिला कर राजपाट छीन लिया गया। इसलिए मैंने ये निर्णय किया है कि जब तक मैं राजपाट नहीं ले लेता, तब तक मैं होली नहीं मनाऊंगा।

अखिलेश के दाहिने हाथ ने पाला बदल लिया : ओम प्रकाश
हाल ही में खत्म हुए राज्यसभा चुनाव पर टिप्पणी करते हुए सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आपने देखा होगा कि उनका यानी अखिलेश यादव का दाहिना हाथ यानी मनोज पांडेय भी उधर चले गए। कभी हमने सोचा नहीं था लेकिन अखिलेश यादव ने ही इशारा कर दिया कि जाओ उधर और काम देखो, इसलिए चले गए सब। वो सिर्फ दिखाने के लिए नाराजगी दिखा रहे हैं। हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और होते हैं। अपने विधायक के क्रॉस वोटिंग पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने हमारी पार्टी के सिंबल पर अपने उम्मीदवार को चुनाव लड़वाया था, जिसके बाद उसी विधायक ने हमारी पार्टी से क्रॉस वोटिंग की है। हम उस विधायक की सदस्यता खत्म करेंगे। अंत में उन्होंने जोड़ा "मैं खरा, गोली चले चाहे छर्रा" ।

Also Read