Raebareli News : प्रियंका गांधी पर टिप्पणी पर दिनेश सिंह ने नही मांगी माफी, 20 हजार भाजपा सदस्य जोड़ने का किया दावा

UPT | सदस्यता अभियान का पर्चा दिखाते राज्य मंत्री दिनेश सिंह

Oct 21, 2024 16:27

रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा की, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने मोबाइल के माध्यम से 20,000 से अधिक नए सदस्य जोड़े हैं।

Raebareli News : राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किए गए मोबाइल के माध्यम से सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने 20 हजार नए सदस्य भाजपा में बनाए हैं।

10000 से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने का मिला निर्देश 
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें 10000 से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में उन्होंने 5 दिनों में 15000 सदस्य बनाए। जिला अध्यक्ष के निर्देश पर सभी के सहयोग से हमने 20000 से अधिक सक्रिय सदस्य बनाए हैं। मेरे भाई ने 11000 और मेरे बेटे ने 6000 से अधिक सदस्य बनाए हैं। इस तरह मेरा परिवार 37000 से अधिक सक्रिय सदस्य बनाकर भाजपा से जुड़ चुका है। इसके लिए मैं भाजपा जिला अध्यक्ष बुद्धि लाल पासी और अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं।


जो भी लड़ेगा भाजपा के सामने चित हो जाएगा
उन्होंने कहा कि नौ विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव में पार्टी कार्यकर्ता अभी से सक्रिय हैं। जो भी आएगा जो भी लड़ेगा भारतीय जनता पार्टी के सामने चित हो जाएगा। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टियां हैं। विचारधारा में समानता न होने के कारण इनका गठबंधन ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकता। यूपी में कई बार गठबंधन हो चुके हैं। सभी अपने स्वार्थ के लिए राजनीति करते हैं। रायबरेली में जब भी लोकसभा चुनाव होते हैं तो गाड़ी पर झंडा लगा देते हैं। चुनाव खत्म होते ही झंडा हटा दिया जाता है और गठबंधन के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाने लगते हैं

प्रियंका गांधी को बुजुर्ग कहकर कोई गलती नहीं की
प्रियंका गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर दिनेश प्रताप सिंह ने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि इस प्रदर्शन की कोई वजह है। जो लोग प्रदर्शन कर रहे थे वो खुद को हाईलाइट करने के लिए ऐसा कर रहे थे। तीन या चार विरोध प्रदर्शन हुए जिसमें 6 से ज्यादा लोग शामिल नहीं थे। इससे हम प्रियंका गांधी की लोकप्रियता का पता लगा सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि मैंने कुछ गलत कहा। प्रियंका गांधी खुद सार्वजनिक मंचों पर कहती रहती हैं कि मैं बुजुर्ग हो चुकी हूं। मैंने उन्हें बुजुर्ग कहकर कोई गलती नहीं की है। रायबरेली होने का नाते मेरा धर्म कर्तव्य बनता है सामाजिक सेवा में जो आदमी सक्रिय हो वह रायबरेली छोड़कर भागने लग जाए तो हम पूछेंगे जरूर।

प्रियंका गांधी से राजनीतिक था मेरा सवाल 
प्रियंका गांधी अगर उत्तर प्रदेश में आईं और 'मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दिया, अगर उन्होंने लड़ाई नहीं की और बिना लड़े भाग गईं, तो सवाल तो उठेंगे ही। प्रियंका गांधी लुटियंस जोन में पैदा हुईं, उन्होंने वहां से चुनाव नहीं लड़ा, उन्होंने अपने ससुराल मुरादाबाद से चुनाव नहीं लड़ा। एक व्यक्ति जहां रहता है, वहीं से अपनी राजनीति शुरू करता है। अब वे केरल के वायनाड से चुनाव लड़ रही हैं। मेरा सवाल राजनीतिक था और उन्हें इसका जवाब देना चाहिए था।

Also Read