Lucknow News : केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में कृषि के विकास पर दिया गया जोर

UPT | केंद्रीय कृषि मंत्री राम नाथ ठाकुर लखनऊ में मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अफसरों के साथ बैठक के दौरान

Oct 21, 2024 18:38

केंद्रीय कृषि मंत्री रामनाथ ठाकुर ने सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री और कृषि राज्य मंत्री के साथ बैठक की। इस बैठक में राज्य में चल रही कृषि संबंधित योजनाओं के बारे में उन्होंने जानकारी की और कई महत्वपूर्ण फैसले लिए

Lucknow News : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने सोमवार को बैठक की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री, कृषि राज्य मंत्री और प्रमुख सचिव (कृषि) की मौजूदगी में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की गई। इस बैठक में प्रदेश में कृषि महकमे के विभिन्न कार्यों और योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री ने राज्य में चल रही कृषि योजनाओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासों पर जोर दिया। 

बैठक में किए गए कई महत्वपूर्ण फैसले
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का कार्य एक सप्ताह में शुरू किया जाएगा, जिससे किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। प्रमुख सचिव (कृषि) ने बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में देश में अग्रणी है। लेकिन, उत्पादकता में वृद्धि के लिए कृषि में निवेश की आवश्यकता है। उन्होंने दलहनी और तिलहनी फसलों के क्षेत्र को बढ़ाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। 



किसान रजिस्ट्री तैयार करने का अभियान जल्द किया जाएगा शुरू
बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि किसान रजिस्ट्री तैयार करने का अभियान शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश में वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य के तहत उत्पादन वृद्धि की रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। 

किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास
प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने अपने संबोधन में मिट्टी की जांच और मृदा स्वास्थ्य के सुधार की दिशा में कार्यों की समीक्षा की और राज्य में गुणवत्तायुक्त बीज एवं खाद वितरण की स्थिति पर भी जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी खाद और बीज की उपलब्धता में समस्या है, तो प्रभावी पर्यवेक्षण की आवश्यकता है।

पराली प्रबंधन एवं दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भरता पर जोर
केंद्रीय कृषि मंत्री ने एक अन्य कार्यक्रम में राज्य कृषि प्रबन्ध संस्थान रहमानखेड़ा में मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पराली प्रबंधन एवं दलहन और तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

Also Read