Raebareli News : राहुल ने कहा - प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ जातीं तो प्रधानमंत्री चुनाव हार जाते

UPT | राहुल गांधी और प्रियंका गांधी रायबरेली पहुंचे।

Jun 11, 2024 20:59

रायबरेली में आज गांधी परिवार कि तरफ से सांसद राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। सपा कार्यकर्ताओं का भी चुनाव में साथ देने पर धन्यवाद दिया गया।

Raebareli News : लोकसभा चुनाव में रायबरेली व अमेठी में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद गांधी परिवार मंगलवार को रायबरेली में भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सांसद राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आपकी कड़ी मेहनत की वजह से अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस की जीत हुई। कांग्रेस पूरे हिंदुस्तान में एक होकर लड़ी। मैं समाजवादी पार्टी से कहना चाहता हूं इस चुनाव में उत्तर प्रदेश में आपका हर एक कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता से मिलकर एक साथ लड़ा।

गठबंधन ने एक साथ लड़ा चुनाव
उन्होंने कहा कि पहले एलाइंस होता था, शिकायत होती थी कि हमने मदद नहीं की लेकिन गठबंधन में सभी ने एक साथ चुनाव लड़ा। नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश के संविधान को खत्म करना चाह रहे थे । इसलिए पूरा देश एक साथ खड़ा हो गया। प्रधानमंत्री खुलकर नफरत की राजनीति कर रहे हैं। यह हिंदुस्तान की संस्कृति और हिंदुस्तान के धर्म के खिलाफ है। उत्तर प्रदेश की जनता ने नफरत, हिंसा व अहंकार के खिलाफ वोट दिया। कांग्रेस के नेता अंहकार के शिकार नहीं होंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि हमारा आपसे पारिवारिक रिश्ता है। राजनीति में सबसे पुराना रिश्ता आपके वह हमारे बीच में है। यह रिश्ता 100 साल पहले रायबरेली व अमेठी की खेतों में शुरू हुआ था। हमें नफरत नहीं चाहिए हमें मोहब्बत की दुकान चाहिए। उत्तर प्रदेश से नया विजन देना होगा। भाजपा का अयोध्या में हार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा यहां से हार गई। राम मंदिर बनाया, कार्यक्रम किया। इसमें एक भी गरीब, किसान, मजदूर या पिछड़ा नहीं दिखा। आदिवासी राष्ट्रपति से कहते हैं यहां नहीं आ सकते और अपने वहां अडानी, अंबानी, देश के अरबपति खड़े देखे। कोई गरीब व्यक्ति नहीं खड़ा था। जवाब अयोध्या की जनता ने भी दिया है। अयोध्या में नहीं वाराणसी में जान बचाकर निकले हैं प्रधानमंत्री। उन्होंने कहा कि अगर वाराणसी से बहन प्रियंका चुनाव लड़ जातीं तो प्रधानमंत्री वहां से दो-तीन लाख वोटों से हार जाते। 

प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा-धन्यवाद
प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपने कठिन से कठिन परिस्थितियों में लड़ाई लड़ी। पहली बार चुनाव संचालन में किशोरी लाल शर्मा नहीं थे। वह अपना चुनाव लड़ रहे थे। अमेठी में कमान कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संभाली। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो साथी 2022 में हमारे साथ चुनाव लड़े उनको भी बहुत-बहुत धन्यवाद।  

Also Read