हरियाणा परिणाम से पहले यूपी में कांग्रेस का मीठा इंतजाम : पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष ने एक क्विंटल जलेबी का दिया ऑर्डर, जानें कीमत

UPT | लखनऊ में तैयार होता कांग्रेस का एक क्विंटल जलेबी का ऑर्डर

Oct 07, 2024 15:17

यूपी कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने सोमवार को कहा कि कल हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। इसलिए मैने लखनऊ में एक क्विंटल जलेबी का ऑर्डर दे दिया है। मनोज यादव ने लखनऊ के प्रसिद्ध नीलकंठ स्वीट्स पर जाकर इसका वीडियो भी बनाया।

Lucknow News : हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेसियों में जोश नजर आ रहा है। हरियाणा में पांच अक्टूबर को मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के सर्वे में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने की बात कही जा रही है। इसे लेकर यूपी के कांग्रेस नेता और कार्यकता भी बेहद उत्साहित हैं और चुनाव परिणाम आने से पहले ही उन्होंने भव्य आयोजन की तैयारी करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में यूपी कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने एक क्विंटल जलेबी का ऑर्डर दिया है। 

रिजल्ट से पहले मुंह मीठा करने का इंतजाम
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे कल मंगलवार को घोषित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहित अन्य नेताओं ने हरियाणा में कांग्रेस की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनने का दावा किया है। कांग्रेस के अरमान पूरे होंगे या फिर भाजपा एक बार फिर सत्ता में लौटेगी, इसकी तस्वीर भले ही मंगलवार को साफ होगी। लेकिन, कांग्रेसी मिठाई का इंतजाम अभी से करने में जुट गए हैं।   
 
500 रुपये प्रति​ किलोग्राम है जलेबी की कीमत
यूपी कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने सोमवार को कहा कि कल हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। इसलिए मैने लखनऊ में एक क्विंटल जलेबी का ऑर्डर दे दिया है। मनोज यादव ने लखनऊ के प्रसिद्ध नीलकंठ स्वीट्स पर जाकर इसका वीडियो भी बनाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति हरियाणा की जनता ने जो प्यार और विश्वास दिखाया है, वो अभूतपूर्व है, इसी तरह हर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती जाएगी। पूरे देश का मुंह मीठा होगा और हर दिशा में खुशहाली होगी। वीडियो में नीलकंठ स्वीट्स के कारीगर कह रहे हैं कि शुद्ध देशी घी से बनी जलेबी की कीमत 500 रुपये किलोग्राम है और ये ऑर्डर मंगलवार 10 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा। ऑर्डर के हिसाब से जलेबी की कीमत 50 हजार रुपये है।  



लड्डू की जगह ​जलेबी का ऑर्डर देने की वजह
वीडियो में मनोज यादव कहते हैं कि इस बार लड्डू नहीं जलेबी बांटी जाएगी। दरअसल हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी का जलेबी को लेकर बयान काफी सुर्खियों में रहा। उन्होंने गोहाना में एक रैली को संबोधित करते हुए मशहूर जलेबी निर्माता मातुराम हलवाई का डिब्बा दिखाया और इस बात पर जोर दिया कि उनकी जलेबी पूरे देश में बेची जानी चाहिए और निर्यात की जानी चाहिए जिससे अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी (मातुराम) जलेबी दूसरे राज्यों में बिकती है और निर्यात भी की जाती है तो एक दिन उनकी फैक्टरी में 20000-50000 और लोग काम कर सकते हैं। 

कांग्रेस और भाजपा में छिड़ी जुबानी जंग
इसके बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर जमकर तंज किया और सवाल पूछा कि क्या जलेबी फैक्टरी में बनती है ? इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने एक के बााद एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जिसमें दिखाया गया कि अब जलेबी बड़े पैमाने पर फैक्टरी में मशीनों से तैयार की जाती है। यहां तक की नामी गिरामी कंपनी इसका विदेशों में भी निर्यात करती हैं। यही वजह है कि यूपी सहित अन्य जगह कांग्रेस नेता जीत की खुशी में जलेबी बांटने की तैयारी कर रहे हैं। उधर भाजपा की ओर से मंगलवार को चुनाव परिणाम आने तक इंतजार करने की बात कही जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इसके बाद वह जलेबी वितरण में अपनी प्रतिक्रिया देंगे।  

Also Read