यति नरसिंहानंद विवाद के बाद सीएम योगी की दो टूक : सभी धर्मों सम्मान, विरोध के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं

UPT | CM Yogi Adityanath

Oct 07, 2024 11:34

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि विरोध के नाम पर हिंसा, तोड़-फोड़ और आगजनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Lucknow News :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह स्पष्ट किया है कि किसी भी जाति, धर्म या संप्रदाय से जुड़े महापुरुषों, देवी-देवताओं, या साधु-संतों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को सहन नहीं किया जाएगा। वहीं विरोध के नाम पर अराजकता भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ये टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब गाजियाबाद के डासना स्थित देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद गिरि के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर काफी विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।

जनता की धार्मिक आस्था का सम्मान सर्वोपरि 
सीएम योगी ने सोमवार को त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में ये बात कही। उन्होंने मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर जनता की धार्मिक आस्थाओं के सम्मान को सर्वोपरि बताया।



विरोध की आड़ में हिंसा और अराजकता पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि विरोध के नाम पर हिंसा, तोड़-फोड़ और आगजनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए कि वह ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलवाएं।

महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
त्योहारों के दौरान महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पेट्रोलिंग तेज की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पीआरवी 112 और फुट पेट्रोलिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा और सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें।

शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं त्योहार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि नवरात्रि और विजयदशमी का पर्व पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास न करे। साथ ही, उन्होंने प्रत्येक जनपद और थाना को सतर्क रहने और त्योहारों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Also Read