लोकसभा चुनाव 2024 : बुलंदशहर सीट पर बसपा प्रत्याशी ने किया नामांकन, समर्थक रहे मौजूद

UPT | नामाकंन करते बसपा प्रत्याशी 

Apr 03, 2024 16:16

लोकसभा के लिए दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए बुलंदशहर में नामांकन प्रक्रिया जारी है। बुधवार को बसपा प्रत्याशी गिरीश चंद्र जाटव ने पदाधिकारियों के साथ...

Bulandshahr News (Amit) : लोकसभा के दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए बुलंदशहर में नामांकन प्रक्रिया जारी है। बुधवार को बसपा प्रत्याशी गिरीश चंद्र जाटव ने पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 

2019 के नगीना सीट से भाजपा प्रत्याशी को हराया 
नगीना से बसपा सांसद गिरीश चंद्र को बुलंदशहर लोकसभा से बसपा पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है। मूलरूप से जिला मुरादाबाद के मझौली देहात के गांव खुशहालपुर निवासी गिरीश चंद्र को बसपा प्रमुख मायावती का करीबी माना जाता है। 15 जनवरी 1964 को जन्मे गिरीश चंद्र ने बरेली के हरीशचंद्र महाविद्यालय से बीए किया। वह स्योहारा रोड पर आरएसएम तिराहे के निकट रहते हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से भाजपा के डा. यशवंत सिंह को एक लाख 66 हजार 832 वोटों से हराया था।

बसपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं गिरीश चंद्र 
गिरीश चंद्र बसपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। 24 जुलाई 2019 को अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण समिति के सदस्य बने। 13 सितंबर 2019 को उन्हें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस संबंधी स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य भी रहे। साल 1991 में सहकारी समिति में निर्विरोध डायरेक्टर और 1993 में निर्विरोध सभापति बने। साल 1995 में मुरादाबाद नगर निगम में पार्षद के साथ वाइस चेयरमैन एग्जीक्यूटिव भी रहे। वर्ष 2000 में बसपा जिलाध्यक्ष और साल 2006 में मंडल अध्यक्ष पद पर रहे।

साल 2007 में बने चंदोसी से विधायक
गिरीश चंद्र 2007 में चंदौसी से बसपा के विधायक रहे। साल 2022 विधानसभा चुनाव में सपा से पूर्व मंत्री मूलचंद चौहान का टिकट कटने पर उन्हें बसपा में शामिल कराने और टिकट दिलाने में भी गिरीश चंद्र की अहम भूमिका रही। बुलंदशहर लोकसभा सीट से बसपा का प्रत्याशी गिरीश चंद्र जाटव ने बुधवार को नामांकन किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री राजकुमार गौतम, बसपा के जिलाध्यक्ष कमल राजन, लोकसभा प्रभारी हरवीर सिंह, रफीक फड्डा, मनोज मिर्जापुर, इमरान चेयरमैन, लक्ष्मी जाटव, कय्याम गाजी, राकेश, जमील, फिरे सिंह प्रजापति आदि मौजूद रहे। 

Also Read