Meerut News : 30 साल में पहली बार खोदी एक ही परिवार के दस लोगों की कब्र, सभी शव सुपुर्द ए खाक

UPT | शवों को कब्रिस्तान लेकर जाने के लिए उमड़ा हुजूम।

Sep 16, 2024 09:36

परिवार के दस शव दफीना के लिए उठे तो पूरा इलाका गमगीन हो उठा। वहीं कब्रिस्तान में कब्र खोदने वाले मोहम्मद लियाकत भी दस मौतों से आहत दिखाई दिए।

Short Highlights
  • मेरठ के जाकिर कॉलोनी में गिरा था तीन मंजिला मकान 
  • मकान के मलबे में दबकर एक ही परिवार के दस लोगों की मौत
  • कब्रिस्तान में एक साथ दफनाए गए दस लोगों के शव 
Meerut News : मेरठ के जाकिर कॉलोनी में तीन मंजिला मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच बच्चों समेत 10 लोगाें की मौत से चारों तरफ मातम फैला हुआ है। तीन दिन से जाकिर कॉलोनी में किसी घर में खाना नहीं बना है। वहीं एक साथ जब एक ही परिवार के दस शव दफीना के लिए उठे तो पूरा इलाका गमगीन हो उठा। वहीं कब्रिस्तान में कब्र खोदने वाले मोहम्मद लियाकत भी दस मौतों से आहत दिखाई दिए। उनका कहना है कि बीते 30 साल से वह कब्र खोद रहे हैं। मगर एक साथ एक परिवार के दस लोगों की कब्र उन्होंने पहली बार खोदी है।

कब्र खोदने जाएंगे तो संख्या दस तक हो जाएगी
शहर के इस्लामाबाद निवासी मोहम्मद लियाकत को रविवार सुबह की कब्र खोदने की सूचना मिली, मगर उन्हें यह नहीं पता था कि जब कब्र खोदने जाएंगे तो संख्या दस तक हो जाएगी। कब्र तैयार करने के काम में उन्होंने अपने बेटों और बहनाेई को भी लगाया।

देर शाम तक सभी कब्र तैयार हुईं
देर शाम तक सभी कब्र तैयार हुईं। उन्होंने नौ कब्र ताला फैक्टरी हंडिया कब्रिस्तान में और एक बच्ची की कब्र सामने वाले गद्दियान कब्रिस्तान में तैयार की। लियाकत ने बताया कि उन्होंने 30 साल में अपने उस्ताद के साथ भी कब्र तैयार की है। एक दिन में अलग-अलग कब्रिस्तान में जाकर सात-आठ कब्र तैयार की हैं, मगर एक ही परिवार के दस सदस्यों का कब्र पहली बार खोदी है।

नफ्फो की कब्र के पास दफनाए आठ परिजन
कब्रिस्तान में नफ्फो की कब्र के पास आठ अन्य कब्र बनाई गईं, सभी परिजन को इनमें दफनाया गया। रिश्तेदार की मासूम बेटी समरीन को सामने वाले कब्रिस्तान गद्दियान में दफनाया गया।

Also Read