हापुड़ में रामोत्सव : रामलला के स्वागत में सजे बाजार, मंदिरों में की गई पूजा-अर्चना

Uttar Pradesh Times | हापुड़ में रामोत्सव

Jan 22, 2024 17:47

पक्का बाग चौराहा पर बड़ी एलईडी लगाकर रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम लाइव देखा गया। यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी लोग जय श्रीराम का उद्घोष कर रहे थे।

Hapur News : हापुड़ नगरी सोमवार को राममय हो गई। घरों के साथ-साथ जिले के बाजारों को भी सजाया गया। नगर का प्रमुख बाजार गोल मार्केट को विशेष रूप से सजाया गया। आलम यह था कि लोग रामलला के स्वागत में सजाए गए बाजार को देखने के लिए जा रहे थे। बाजार में आने वाले लोग अपने आपको जय श्रीराम के उद्घोष करने से नहीं रोक सके। हर तरफ जय श्रीराम के नारे लग रहे है। दुकानों पर झंडे लगे हुए हैं। बाजार को गुब्बारों से सजाया गया है। भंडारे का भी आयोजन किया गया।

लाइव देखा गया कार्यक्रम
पक्का बाग चौराहा पर बड़ी एलईडी लगाकर रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम लाइव देखा गया। यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी लोग जय श्रीराम का उद्घोष कर रहे थे। इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों और बाजारों में राममय माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने खिचड़ी, हलवा, खीर आदि का वितरण किया। शहर के प्रमुख तहसील चौराहे को भी सजाया गया। बाजारों में भी रौनक दिखाई दी।

यहां से निकाली शोभायात्रा
वहीं, शहर में धर्म शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। राम भजनों पर महिलाएं नृत्य कर रही थे। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह पर स्वागत किया गया। तेजी से लोग शोभा यात्रा में जुट रहे थे। शोभायात्रा ने श्री बालाजी मंदिर से शुरू होकर फ्रीगंज रोड़ स्थित नव दुर्गा मंदिर, रेलवे रोड़ से होते हुए अतरपुरा चौपला, पक्का बाग, चंडी धाम से खाटू श्याम मंदिर होते हुए श्री सनातन धर्म कोठी गेट पर विश्राम किया।

दंडवत यात्रा निकाली
वहीं, रेलवे रोड़ स्थित कलेक्टर गंज हनुमान मंदिर से श्रद्धालु संजय त्यागी दंडवत होकर गढ़ रोड़ स्थित श्रीराम मंदिर तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा होने पर उन्होंने यह दंडवत यात्रा निकाली है। काफी संख्या में लोग उनके साथ इस यात्रा में चल रहे थे।

Also Read