हादसे पर राजनीति : पीड़ितों से मिलने पहुंचे नेता, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विरोध

UPT |

Sep 16, 2024 16:56

जाकिर कॉलोनी में कांग्रेस, भाजपा और रालोद के नेताओं ने पीड़ितों का हाल जाना और उनको सांत्वना प्रदान की।

Short Highlights
  • स्थानीय लोगों ने इमरान मसूद के सामने की नारेबाजी
  • जिला प्रभारी मंत्री धर्मपाल भी पहुंचे जाकिर कॉलोनी
  • रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने जाना पीड़ितों का हाल 
Meerut News : मेरठ में जाकिर कॉलोनी में तीन मंजिला मकान गिरने से एक ही परिवार के दस लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद अब जाकिर कॉलोनी में राजनीतिक दलों की एंट्री हो रही है। जाकिर कॉलोनी में कांग्रेस, भाजपा और रालोद के नेताओं ने पीड़ितों का हाल जाना और उनको सांत्वना प्रदान की। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद जाकिर कॉलोनी पहुंचे तो उनको विरोध का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस सांसद के सामने नारेबाजी की
स्थानीय लोगों ने कांग्रेस सांसद के सामने नारेबाजी की और उनको वापस जाने के लिए कहा। लेकिन काफी समझाने बुझाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद जाकिर कॉलोनी में हादसा पीड़ितों के मिले और उनको सांत्वना दी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक आपदा है जो इस परिवार पर आईं है। सरकार को पीड़ित परिवार की हर सम्भव मदद करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से पूरी घटना की जानकारी दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी स्तर पर हर संभव मदद की जायेगी। 
इमरान मसूद ने कुछ नहीं दिया
कांग्रेसी सांसद का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि इमरान मसूद ने कुछ नहीं दिया है। वाहवाही लूटने के लिए जाकिर कॉलोनी चले आए हैं। लोगों का कहना था कि जिला प्रशासन के अलावा और किसी ने उनका साथ नहीं दिया है। 

मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल पहुंचे जाकिर कॉलोनी
मेरठ के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह भी जाकिर कॉलोनी पहुंचे। उन्होंन कहा कि घटना बेहद दुखद है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका संज्ञान लिया है। जो भी सुविधाजनक सुविधाएं होंगी वो उनको प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की आजीविका का प्रबंध भी सरकार की तरफ से किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जो मकान गिरा है वो कमजोर था। शहर से अब डेरियों को बाहर किया जाएगा। इसके लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये काम जल्द ही किया जाएगा। 

रालोद सांसद ने दी परिजनों को सांत्वना 
बागपत से रालोद सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान भी जाकिर कॉलोनी पहुंचे। रालोद सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान ने कहा कि ऐसी घटनाएं बताकर नहीं आती हैं। पूरा परिवार आपदा में खत्म हो गया। यह दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि पीड़ितों की अधिक से अधिक मदद की जाए और उनके लिए सरकार की तरफ से हर संभव सहायता दिलवाई जाए। 

Also Read