सोनभद्र एसपी का विदाई समारोह : अब संभालेंगे रायबरेली की कमान, डीएम बोले-सरकारी सेवाओं की होती हैं अपनी सीमाएं

UPT | फ़ोटो

Sep 11, 2024 17:47

बुधवार को सोनभद्र जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य था पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह को भावभीनी विदाई देना, जिनका तबादला रायबरेली जिले में हो गया है। जिलाधिकारी ने डॉ. यशवीर सिंह के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Short Highlights
  • कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक को भावभीनी विदाई दी गई
  • टीम भावना से किए गए कार्य के लिए आभार जताया गया

Sonbhadra News : पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह का सोनभद्र जिले से रायबरेली जिले में स्थानांतरण होने पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि सरकारी सेवाओं में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, सरकारी सेवाओं में आने वाला व्यक्ति समय-समय पर स्थानांतरित होता रहता है और वह समय-समय पर स्थानान्तरित होते हुए एक से दूसरे स्थान पर जाता रहता है, सरकारी सेवाओं की अपनी सीमाएं होती हैं।

सराहनीय रहा कार्यकाल
सोनभद्र जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह का कार्यकाल बहुत ही सराहनीय रहा है, उनके द्वारा जिले में किए गए सराहनीय कार्यों को याद रखा जाएगा, जो अधिकारी बहुत ही मेहनती और ईमानदार हैं। उनके स्थानांतरण के परिणामस्वरूप विदाई देते समय दिल भावुक हो जाता है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार ने कहा कि ऐसे मेहनती और समर्पित अधिकारी के रूप में पुलिस अधीक्षक पिछले दो वर्षों से अधिक समय से सोनभद्र जिले में उत्कृष्ट सेवा कर रहे हैं और पुलिस अधीक्षक के पद पर रायबरेली जा रहे हैं।
 
एसपी बोले-बहुत सी बातें सीखीं
अपने संबोधन में, डॉ. यशवीर सिंह ने सोनभद्र में अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा, "सोनभद्र जिले में मेरे कार्यकाल के दौरान, मुझे बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिला। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से, हमने चुनाव और उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न किया। सोनभद्र जिला मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा, क्योंकि यह मेरी सेवा का अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल रहा है।"

स्मृति चिन्ह भेंट किया
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, परियोजना निदेशक आर.एस. मौर्या, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक का माल्यार्पण कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा विदाई समारोह में विकासखंड व कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक के कार्यकाल की सराहना की।

Also Read