सपा सरकार में दंगों का प्रदेश बन गया था यूपी : भाजपा के राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने बसपा-कांग्रेस पर भी साधा निशाना

UPT | पत्रकारों से वार्ता करते राज्यसभा सांसद अरुण सिंह।

Oct 04, 2024 22:55

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने मिर्जापुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस, और बहुजन समाज पार्टी पर तीखा हमला किया।

mirzapur News : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने मिर्जापुर में भारतीय जनता युवामोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस, और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर तीखा हमला किया। अरुण सिंह ने कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश बन गया था, जबकि योगी आदित्यनाथ की सरकार में दंगाइयों की जगह जेल में है।

 जब मीडिया ने उनसे अमेठी में टीचर फैमिली हत्याकांड और कानून व्यवस्था पर सपा के आरोपों के बारे में पूछा, तो अरुण सिंह ने सपा, बसपा, और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "सपा के समय उत्तर प्रदेश में 100 से अधिक दंगे हुए थे। अपराधियों को सपा का संरक्षण मिला हुआ था। बसपा के शासनकाल में व्यापक भ्रष्टाचार था, जिसे जनता अभी भी नहीं भूली है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना
अरुण सिंह ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली राजस्थान की गहलोत सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि "गहलोत सरकार के दौरान दलित और अनुसूचित जनजाति की बेटियों पर अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं लगातार हो रही थीं, लेकिन तब राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कभी वहां नहीं गए।

निषाद पार्टी और उपचुनावों पर भाजपा की तैयारी
निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद द्वारा आगामी चुनावों में फिर से लड़ने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों का सम्मान करती है और सभी के साथ बातचीत करके समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा उपचुनावों में सभी 10 विधानसभा सीटों पर बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करेगी, जिसमें मझवा विधानसभा सीट भी शामिल है। 

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कसा तंज
सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए अरुण सिंह ने इसे "झूठ का गठबंधन" करार दिया। उन्होंने कहा सपा और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जनता को भ्रमित करके कुछ वोट हासिल कर लिए, लेकिन बार-बार झूठ बोलने से चुनाव नहीं जीते जाते। उत्तर प्रदेश की जनता ने इनकी हकीकत देख ली है। 

Also Read