Ayodhya Ram Mandir : भाजपा कैबिनेट ने राम मंदिर दर्शन का बदला शेड्यूल, आम श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी 

UPT | Ayodhya Ram Mandir Updates

Jan 31, 2024 17:06

बीते दिनों मौसम में भी सुधार देखने को मिला साथ ही ट्रेन, बस और बड़े वाहनों से प्रतिबंध हटने के चलते रामनगरी में दिन प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है...

Ayodhya News : इस वक़्त पूरे देश में राम मंदिर को लेकर एक अलग ही उत्साह है। जिसके चलते अयोध्या में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसकी वजह से अब योगी मंत्रिमंडल सदस्यों के राम मंदिर दर्शन का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। 1 फरवरी को अयोध्या में योगी सरकार के मंत्रियों के दर्शन करने का कार्यक्रम था। 

भाजपा का रामदर्शन कार्यक्रम टाल दिया गया है
वहीं, बीते दिनों मौसम में भी सुधार देखने को मिला साथ ही ट्रेन, बस और बड़े वाहनों से प्रतिबंध हटने के चलते रामनगरी में दिन प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में राम भक्तों को अपने आराध्य के दर्शन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसीलिए भाजपा का रामदर्शन कार्यक्रम टाल दिया गया है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उनके मंत्रिमंडल सहित दर्शन के लिए पहले तारीख निर्धारित कर दी गई थी।

 5 फरवरी के बाद बन सकता है मुख्यमंत्री कैबिनेट का शेड्यूल
 बता दें, बुधवार 31 जनवरी को असम के मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट को अयोध्या आकर श्रीराम का दर्शन करना था। और 1 फरवरी को खुद उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल समेत श्रीरामलला के दर्शन के लिए जाने वाले थे। वहीं त्रिपुरा सीएम डॉ माणिक साहा और उनके मंत्रिमंडल का कार्यक्रम पहले से ही तय था। जो अब रामभक्तों के उत्साह और उनके जमावड़े को देखते हुए टाल दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अब 5 फरवरी के बाद दोबारा से सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट के लिए अयोध्या आकर दर्शन का शेड्यूल निर्धारित किया जाएगा। ऐसा केवल रामलला के दर्शन को तत्पर देशभर से बड़ी संख्या में लगातार मंदिर पहुंच रहे रामभक्तों के लिए किया जा रहा है। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े। 

 प्राणप्रतिष्ठा के बाद आम श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी 
अयोध्या के जिला अधिकारी नीतीश कुमार ने बताया कि देश के अलग अलग राज्यों व प्रदेश के जिलों से स्पेशल ट्रेनों, बसों व अन्य यातायात माध्यम से रामभक्तों का आना शुरू हो गया है। वहीं प्राणप्रतिष्ठा के बाद आम श्रद्धालुओं की संख्या भी दिनोदिन बढ़ रही है। बाहरी जिलों के वाहनों के प्रवेश से भी रोक हट चुकी है। जिससे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होना भी स्वाभाविक है। योगी मंत्रिमंडल सदस्यों के राम मंदिर दर्शन कार्यक्रम स्थगित हो गया है। 1 फरवरी को अयोध्या में योगी सरकार के मंत्रियों को दर्शन करने का कार्यक्रम था। 

Also Read