उत्तर प्रदेश टाइम्स मॉर्निंग बुलेटिन : पिछले 24 घंटों में यूपी में क्या बदला, जिसका आप पर पड़ेगा असर, जानें एक क्लिक पर

UPT | मॉर्निंग बुलेटिन।

Oct 24, 2024 06:00

Lucknow (UPT Desk) : बदलाव की यात्रा में तेजी से आगे बढ़ते उत्तर प्रदेश में हमारे आसपास क्या बदल रहा है, आपको इस बुलेटिन में बताएंगे। पिछले 24 घंटों में राज्य में कुछ ऐसे फैसले और आदेश हुए हैं जो हम पर असर डालेंगे तो कुछ ऐसी जानकारियां भी हैं, जिन्हें जानना जरूरी है।

‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर सपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव
यूपी में होने वाले विधानसभा के उप चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। सूत्रों के कांग्रेस विधानसभा उपचुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इंडिया गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी सपा के चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरेंगे। इसकी जानकारी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार की देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से दी। यूपी की 9 सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को दिन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच फोन पर वार्ता हुई।
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

दीपोत्सव पर 25 लाख दीपकों से जगमग होगी अयोध्या
प्रदेश सरकार के नेतृत्व में 28 से 30 अक्टूबर तक रामनगरी में दीपोत्सव का आयोजन होगा। आठवें दीपोत्सव पर 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। दीपोत्सव का शुभारंभ साकेत से चार किमी तक शोभायात्रा में कलाकारों के विभिन्न दलों द्वारा रामायण के विविध प्रसंगों पर आधारित आयोजन व मंचन किया जाएगा। इस बार दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की विशेष उपस्थिति रहेगी। योगी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, दीपोत्सव में इस बार सरयू नदी पर लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 1100 वेदाचार्यों के साथ सरयू आरती का आयोजन किया जाएगा।
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

यूपी में कौशल केंद्र के रूप में विद्यालयों का होगा विकास
प्रदेश सरकार विद्यालयों को कौशल विकास केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। राज्य के उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट और पीएमश्री विद्यालयों में विज्ञान और गणित के शिक्षकों को कौशल आधारित शिक्षा देने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में लर्निंग बाई डूइंग (करके सीखने) की अवधारणा पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें विज्ञान आश्रम और यूनिसेफ के सहयोग के साथ यह प्रशिक्षण 25 अक्टूबर तक जारी रहेगा। राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 2402 शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

नोएडा एयरपोर्ट पर होगा आधुनिक अंडरग्राउंड ट्रांसपोर्ट हब
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने चोला रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक 16 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का प्रस्ताव रेल मंत्रालय (Ministry of Railways) को भेजा है। यह परियोजना न केवल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बढ़ाएगी, बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन सुविधा साबित होगी। रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद ही इस परियोजना के निर्माण का स्वरूप तय होगा।
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

गोरखपुर मंडल में एक नवंबर से शुरू होगी धान की खरीद
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश सरकार ने गोरखपुर मंडल में धान खरीद की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है। इस वर्ष की खरीद प्रक्रिया 1 नवंबर, 2024 से प्रारंभ होगी, जिसमें किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। गोरखपुर मण्डल का क्रय लक्ष्य  5,23,000 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। मंडल में कुल 461 धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। धान विक्रय के लिए 9,358 किसानों ने पंजीकरण कराया है। जिसमें गोरखपुर से 2,451 किसान, महराजगंज में 5,535, देवरिया में 421 किसान और कुशीनगर से 937 किसानों का पंजीकरण हुआ है। 
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर

गौतम बुद्ध नगर में घर खरीदना अब और भी महंगा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में फ्लैटों और संपत्तियों की रजिस्ट्री अब पहले से अधिक महंगी होने जा रही है। निबंधन विभाग ने फ्लैटों की रजिस्ट्री दरों में 25 से 30 प्रतिशत और गांवों के साथ नगरीय क्षेत्रों में फ्री होल्ड संपत्तियों की रजिस्ट्री दरों में 25 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा है। इसके साथ ही फ्री होल्ड कॉमर्शियल संपत्तियों के सर्किल रेट में भी 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आम जनता से इस पर आपत्तियां मांगी जाएंगी। जिसके निस्तारण के बाद नई दरें लागू कर दी जाएंगी।
यहां क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर 

Also Read