Paris Olympics 2024 : हॉकी में ब्रॉन्‍ज मेडल जीतने पर वाराणसी में जश्न, ललित उपाध्याय के घर में खुशी की लहर

UPT | ललित उपाध्याय के घर में खुशी की लहर

Aug 08, 2024 22:58

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हराकर ब्रॉन्‍ज मेडल अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने 52 साल बाद हॉकी में लगातार दूसरी बार मेडल जीतने का गौरव हासिल किया है।

Varanasi News : पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हराकर ब्रॉन्‍ज मेडल अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने 52 साल बाद हॉकी में लगातार दूसरी बार मेडल जीतने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि ने पूरे देश को गर्व से भर दिया, और वाराणसी में तो इस जीत की खुशी देखते ही बनी। स्थानीय लोग इस जीत को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए और हर तरफ जश्न का माहौल छा गया।

ललित उपाध्याय के घर में खुशी की लहर
वाराणसी में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय के घर पर इस जीत का खास अंदाज में जश्न मनाया गया। जैसे ही ब्रॉन्‍ज मेडल जीतने की खबर आई, वैसे ही ललित के परिवार और स्थानीय लोगों ने अपने हाथों में तिरंगा थाम लिया और आतिशबाजी के साथ खुशी मनाई। लोगों ने मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं, जिससे पूरे क्षेत्र में उल्लास का माहौल बन गया।

बहन ने जाहिर की खुशी
ललित उपाध्याय की बहन अंजली उपाध्याय ने इस मौके पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "भारत के सेमीफाइनल में हारने के बाद हम सभी थोड़े निराश थे, लेकिन आज जब भारत ने कांस्य पदक जीता है, तो हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है। रक्षा बंधन का त्योहार आ रहा है और भाई ने मेडल जीतकर हमें सबसे बड़ा उपहार दिया है।"

माता ने भी खुशी की साझा
ललित उपाध्याय की माता रीता उपाध्याय ने भी इस खुशी के मौके पर अपनी भावनाएँ साझा कीं। उन्होंने कहा, "बच्चों ने इस मैच के लिए बहुत कड़ी मेहनत की थी। मैंने बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना की थी कि हमारे बच्चे खाली हाथ न लौटें। आज बाबा ने हमारी प्रार्थना सुन ली और हमारे बच्चे मेडल लेकर आ रहे हैं।"



भारत के लिए गर्व का पल
यह जीत न केवल ललित उपाध्याय के परिवार के लिए, बल्कि पूरे वाराणसी और भारत के लिए गर्व का पल है। इस जीत ने साबित कर दिया कि भारतीय हॉकी टीम की क्षमता आज भी उतनी ही मजबूत है जितनी कि दशकों पहले हुआ करती थी। 52 साल बाद बैक-टू-बैक मेडल जीतकर भारतीय टीम ने दुनिया को एक बार फिर अपने खेल का लोहा मनवा दिया है।

वाराणसी में जश्न का सिलसिला शुरू
इस जीत के साथ ही वाराणसी में जश्न का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और पूरे शहर में उत्सव का माहौल है। हर कोई इस जीत को अपने तरीके से मना रहा है, कोई आतिशबाजी कर रहा है तो कोई मिठाई बांट रहा है। यह जीत निश्चित रूप से भारतीय हॉकी के लिए एक नया अध्याय है और इसे यादगार बनाने के लिए पूरे देश में जश्न मनाया जा रहा है।

Also Read