ऑथर Mazkoor Alam

WFI Controversy : संजय सिंह की हुंकार- मुझे कोई निलंबित नहीं कर सकता

Uttar Pradesh Times | Sanjay Singh

Dec 28, 2023 17:34

संजय सिंह अपने गृह जनपद चंदौली के झांसी गांव पहुंचे हैं। यहां उन्होंने दर्जनों लग्जरी गाड़ियों के साथ रोड शो किया। उनका यह शक्ति प्रदर्शन एयरपोर्ट से लेकर शहर तक करीब 20 किलोमीटर चला।

चंदौली : भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह ने एक बार फिर ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीते हैं और वर्तमान में भी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष हैं।उन्हें कोई निलंबित नहीं कर सकता। सिर्फ उनकी कार्यवाही को निलंबित किया गया है। 

चंदौली में किया शक्ति प्रदर्शन 
संजय सिंह अपने गृह जनपद चंदौली के झांसी गांव पहुंचे हैं। यहां उन्होंने दर्जनों लग्जरी गाड़ियों के साथ रोड शो किया। उनका यह शक्ति प्रदर्शन एयरपोर्ट से लेकर शहर तक करीब 20 किलोमीटर चला। इस दौरान पूरे समय संजय सिंह मर्सिडीज पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते रहे। ऐसा लग रहा था, कोई चुनावी काफिला चल रहा हो। इससे पहले कुछ इसी तरह का शक्ति प्रदर्शन वह वाराणसी में भी कर चुके हैं। चंदौली पहुंचने पर वहां के कुछ खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में संजय सिंह उक्त बातें कही।

बोले- लोकतांत्रिक तरीके से जीते हैं
संजय सिंह ने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीतकर आए हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव में 25 राज्यों के डेलीगेट्स ने वोट दिया था। कुल 50 वोट पड़ने थे। उनमें से 40 वोट उन्हें मिले। प्रतिद्वंद्वी को सिर्फ सात वोट मिले। तीन लोगों वोट नहीं दिया। संजय सिंह ने कहा कि वह इस विषय में पहले सरकार से बात करेंगे। इसके बाद भी अगर कोई रास्ता नहीं निकला तो वह कानूनी राय लेंगे। 

बृजभूषण शरण सिंह से कोई रिश्ता नहीं
संजय सिंह ने कहा कि उन्हें बृजभूषण शरण सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। यह सच नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह क्षत्रिय समाज से आते हैं, जबकि वह भूमिहार हैं। उनका बृजभूषण शरण सिंह से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है।  संजय सिंह ने कहा कि कुश्ती का स्तर बढ़ाने के लिए जल्द ही वह चंदौली में साई सेंटर की स्थापना करवाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी योजना सारे पुराने अखाड़ों को पुन: खुलवाने का है। इसके लिए वह जल्द ही जिला प्रशासन से जमीन की मांग करेंगे। 

Also Read