Ghazipur News : बसपा प्रत्याशी उमेश सिंह ने सपा सांसद अफजाल अंसारी पर साधा निशाना, सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप

UPT | पत्रकार वार्ता में बोलते हुए डॉक्टर उमेश सिंह

Sep 30, 2024 17:18

लोकसभा गाजीपुर के बसपा प्रत्याशी डॉ उमेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में अफजाल अंसारी के गांजा वाले बयान पर आज जमकर बरसे।

Ghazipur News : गाजीपुर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी डॉ. उमेश सिंह ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अफजाल अंसारी के एक विवादित बयान पर तीखा हमला बोला। उमेश सिंह ने कहा कि अफजाल अंसारी ने बहुसंख्यक हिंदू धर्म के मठ-मंदिरों और संत-महंतों के प्रति जो अपमानजनक टिप्पणी की है, उससे हिंदू समाज को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिया गया है।

संविधान और धार्मिक स्वतंत्रता पर जोर
उमेश सिंह ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपने धर्म को मानने और उसका पालन करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि किसी दूसरे धर्म का अपमान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सांप्रदायिकता का सबसे बड़ा कारण यही है कि लोग दूसरों के धर्म की निंदा करते हैं। उमेश सिंह ने अफजाल अंसारी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब सांसद महोदय ने देवालयों और शिवालयों का दौरा करना शुरू किया था, तो ऐसा लगा कि उन्होंने हिंदू धर्म की बूतपरस्ती (मूर्ति पूजा) को स्वीकार कर लिया है, लेकिन उनके असली इरादे कुछ और थे। उमेश सिंह ने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को मठों और मंदिरों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।



नशे की लत पर लगाए गंभीर आरोप
उमेश सिंह ने अफजाल अंसारी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए यह भी कहा कि उनके धर्म में नशे का सेवन पूरी तरह से वर्जित है, लेकिन फिर भी अल्पसंख्यक समुदाय के 80% लोग नशे की लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह समुदाय खुलेआम सिगरेट, गुटखा, पान और शराब का सेवन करता है, और तस्करी में भी शामिल रहता है। उमेश सिंह ने यह भी कहा कि शाम के वक्त मेडिकल स्टोर्स पर अल्पसंख्यक समुदाय के महिलाएं और बच्चे नशीली दवाओं और सिरप खरीदने के लिए कतार में खड़े होते हैं। 

सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का आरोप
उमेश सिंह ने सांसद अफजाल अंसारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे समाज में सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय का यह अतिवाद, बहुसंख्यक समुदाय को भी अतिवादी बना रहा है, जो देश के लिए हानिकारक है। उमेश सिंह ने यह भी कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और अतिवाद से बचना चाहिए। उन्होंने इस समस्या का समाधान तथागत बुद्ध के मध्यम मार्ग में बताया, जिससे देश की उन्नति हो सके।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
उमेश सिंह ने पुलिस की ओर से सपा सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को भी मात्र खानापूर्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और इसका उद्देश्य बहुसंख्यक समाज को भड़काना है। उमेश सिंह ने मांग की कि इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए और सही धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए ताकि न्याय हो सके। 

Also Read