International Women's Day : महिला सशक्तिकरण के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर देना जरूरी

UPT | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित।

Mar 08, 2024 22:55

सरिता अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं कुछ भी ठान लें तो उनको कोई रोक नहीं सकता है। आज हम पायलट बन रहे हैं, शिक्षिका बना रहे हैं, चांद पर जा रहे हैं। यहां तक की चंद्रयान-3 में महिलाओं की बहुत बड़ी साझेदारी रही है।

Ghazipur News : वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन शुक्रवार को बैजनाथ इंटर कॉलेज, रौजा के सभाकक्ष में किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मां कवलपति हॉस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर की डॉ. बीती सिंह, बैजनाथ इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. पूजा श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की फोटो पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 

इस अवसर पर सरिता अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं कुछ भी ठान लें तो उनको कोई रोक नहीं सकता है। आज हम पायलट बन रहे हैं, शिक्षिका बना रहे हैं, चांद पर जा रहे हैं। यहां तक की चंद्रयान-3 में महिलाओं की बहुत बड़ी साझेदारी रही है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान में शेर पढ़ कर सुनाई  'ना रोक सकेगा तुझको कोई, गर तू हिम्मत कर लेगी, हर मंजिल मिल जाएगी जब तू निडर होकर चल देगी'।

विशिष्ट अतिथि डॉ बीती सिंह ने कहा कि समाज में महिला सशक्तिकरण का होना बहुत जरूरी है। जिसके लिए शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक ऊर्जा बढ़ानी होगी। जब तक स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर नहीं देंगी, तब तक सशक्त नहीं बन पाएंगी। भाजपा मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने कहा कि आज समाज में महिलाएं पुरुषों से 10 कदम आगे चल रही है। केंद्र में पहली बार मोदी की सरकार बनते ही सबसे पहला काम महिलाओं के सम्मान में पूरे देश भर में 'इज्ज़त घर' के नाम से शौचालय बनवाकर सम्मान दिया गया। महिलाओं को स्वतंत्रता का अधिकार, आवास का अधिकार, राशन का अधिकार देकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम चलाकर नारी का सम्मान बढ़ाया है। 

कार्यक्रम में क्लब महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रिंकू यादव, उपाध्यक्ष सुषमा यादव तथा सचिव शहाना जहां ने स्कूल की प्रबंधक आशा मिश्रा को अंगवस्त्र देकर तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जबकि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के प्रतिनिधि कुशाग्र तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के प्रतिनिधि वेंकटेश को पवन पांडेय, सूर्यरेख मणि तथा राम नाथ कुशवाहा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सेंट जांस स्कूल की माया नायर तथा स्वाति ने एक से एक भजन प्रस्तुत कर उपस्थित महिलाओं तथा अतिथियों को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन संजीव श्रीवास्तव ने किया जबकि आगंतुकों को धन्यवाद क्लब अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा ने किया। स्कूल की छात्राएं खुशी, अन्नू, श्रेयांशी, कायनात, इशरत आदि ने उपस्थित महिलाओं को मतदान अवश्य करने तथा कराने के लिए शपथ दिलवाई। इस अवसर पर स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर विद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं सहित क्लब उपाध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी, परीक्षा प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, अजय यादव, प्रमोद बिंद आदि उपस्थित रहे।

Also Read