Jaunpur News : दो पक्षों के बीच विवाद सुलझाने गई पीआरवी 112 टीम पर हमला, कांस्टेबल और होमगार्ड को बंधक बनाकर पीटा

UPT | घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

Jul 21, 2024 12:23

जौनपुर में पट्टीदारों के बीच हुए जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। एक पक्ष की ओर से बुलाए गए पीआरवी डायल 112 के बाइक सवार पुलिस के जवान पहुंचकर मामले की जानकारी ले रहे थे, इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

Jaunpur News : जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अरगुपुर कलां गांव की ठाकुर बस्ती में एक भूमि विवाद ने शनिवार की देर शाम अचानक हिंसक रूप ले लिया।  जानकारी के अनुसार, समर बहादुर सिंह और उनके पट्टीदार अजित सिंह के बीच लंबे समय से चल रहा जमीनी विवाद था। दोनों पक्षों के बीच तनाव उस समय और बढ़ गया जब एक पक्ष ने अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव किया, जिस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने अपनी फसल खराब होने पर डायल 112 पुलिस को फोन कर दिया। 

महिला ने लाठी से पुलिस टीम पर किया हमला
मामले को सुलझाने के लिए डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। कांस्टेबल विनोद कुमार और एक होमगार्ड जवान मामले की जांच के लिए पहुंचे। लेकिन जैसे ही वे स्थिति का जायजा लेने लगे, अजित सिंह पक्ष की एक महिला ने लाठी लेकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हालात तब और बिगड़ गए जब अजित सिंह और उनके साथी शिवानंद पंडित ने पीआरबी टीम के जवानों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की।  

घटनास्थल पर तुरंत पुलिस बल भेजा गया
डायल 112 की पुलिस के साथ बंधक बनाने व बदसलूकी किये जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच का नेतृत्व किया। हालांकि, जब तक भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए थे। 

सीओ बोले-दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी
सीओ अजीत सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पर हमला और जवानों को बंधक बनाना एक गंभीर अपराध है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Also Read