Varanasi News : काशी क्षेत्र के 30286 बूथों पर मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

UPT | पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाते हुए

Sep 25, 2024 21:51

पं दीनदयाल उपाध्याय की 108 वीं जयंती पर भाजपा काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी सोलह संगठनात्मक जिलों के सभी 30286 बूथों पर...

Varanasi News : एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर विचारक, चिंतक एवं पथ प्रदर्शक पं दीनदयाल उपाध्याय की 108 वीं जयंती पर भाजपा काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी सोलह संगठनात्मक जिलों के सभी 30286 बूथों पर भाजपाजनों ने पुष्पांजलि अर्पित की एवं उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। इस दौरान मंत्री, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को भाजपा से जोड़ने का काम किया।



इस कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने सेवापुरी विधानसभा के बूथ संख्या 331 शहंशाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए एवं उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की।

 इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने और सबके जीवन में प्रगति तथा सभी के विकास के लिए एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। उन्होंने कहा एकात्म मानववाद के दर्शन का मूल भाव समाज के अन्तिम पायदान पर खडे व्यक्ति के जीवन में बदलाव है।
 
भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि आज केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पं. दीन दयाल उपाध्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समाज के अन्तिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का काम कर रही है। क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित कर दिया। 
 
 दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया गया
इस क्रम में शहर उत्तरी विधायक एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने उत्तरी विधानसभा अन्तर्गत सिगरा स्थित लल्लापुरा के बूथ संख्या 287 पर आयोजित कार्यक्रम में पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि भारतीय चिंतन परंपरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जिक्र आते ही हमारे मानस पटल पर भारतीयता का भाव अंकित होता है दीनदयाल जी सही मायने में राष्ट्र साधक थे।

राजघाट वार्ड के बूथ संख्या 184 पर कार्यक्रम आयोजित
 शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दक्षिणी विधानसभा अन्तर्गत राजघाट वार्ड के बूथ संख्या 184 पर आयोजित कार्यक्रम में पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि राष्ट्रहित में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले दूरदृष्टा पं दीनदयाल जी के आचार विचार एवं उत्कृष्ट सिद्धांत हम सभी के लिए सदैव वंदनीय रहेंगे।

Also Read