दातागंज। कस्बे के बादाम नगर में रविवार करीब 12 बजे शाहजहांपुर रोड की ओर जा रहे दो युवक बाइक समेत नाले में गिर गए। बारिश के कारण पानी जमा होने से नाला उफान पर था और गिरने के बाद दोनों युवक पानी में बहते नजर आए।
घटना में एक युवक खुद तैरते हुए बाहर आ गया, जबकि दूसरा युवक डूबने लगा। पास की वाल्मीकि कॉलोनी के लोग दौड़े और रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला। दोनों युवक फिर अपनी बाइक लेकर अपने गंतव्य की ओर चले गए। युवक कहां के थे और कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
नगर में भीषण जलभराव
पिछले तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से बदायूं और बरेली मार्ग पर करीब 3 फुट पानी भरा हुआ है। नगर की अधिकांश गलियों में भी 2 से लेकर 3 फुट तक पानी बह रहा है। निचले क्षेत्र की कई दुकानों और मकानों के अंदर पानी घुस गया है और लोग पंपिंग सेट से पानी बाहर निकाल रहे हैं।
बदायूं मार्ग पर ब्लॉक के सामने करीब 300 मीटर लंबाई में पानी भरा है। बरेली मार्ग पर कब्रिस्तान के निकट लगभग 500 मीटर की लंबाई पानी में डूबी है। चार पहिया वाहन वहां से निकल जाते हैं, लेकिन दोपहिया वाहन पानी के अंदर बंद होकर फंस जाते हैं।
प्रभावित इलाके:
- खरबूजा मंडी
- एसडीएम आवास के सामने
- रोडवेज के पीछे
- अस्पताल के आसपास का क्षेत्र
- बादाम नगर का कुछ भाग, मोहल्ला अरेला, बुध बाजार और मोहल्ला परा
जलभराव को कम करने के लिए सफाईकर्मी काम कर रहे हैं। निचले इलाकों में पंपसेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है। नगर पालिका की अध्यक्ष नैना गुप्ता ने कहा, “पानी के निकासी के लिए सफाईकर्मी काम कर रहे हें। वहीं निचले इलाकों में पंपसेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है।”
लोग प्रभावित दुकानों और घरों से पानी निकालने में लगे हुए हैं। जिले में बारिश का सिलसिला अगर जारी रहा तो और इलाकों में जलभराव बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
स्रोत: अमर उजाला

