बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर तीव्र गति से बढ़ने से बस्ती जिले के कई तटीय गांवों में फिर भय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 84 सेंटीमीटर बढ़ गया, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
केंद्रीय जल आयोग के अयोध्या कार्यालय के अनुसार सोमवार शाम पांच बजे सरयू का जलस्तर 92.680 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 92.730 मीटर है, यानी नदी खतरे के निशान से महज पांच सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। कई स्थानों पर नदी की धारा आबादी और तटबंधों के करीब पहुंच गई है।
कहाँ-कहाँ दबाव बढ़ा
विक्रमजोत, दुबौलिया और कुदरहा समेत तटवर्ती इलाकों में स्थिति गंभीर है। दुधौरा, भरथापुर, कल्यानपुर, चांदपुर, संदलपुर और कन्हईपुर जैसे संवेदनशील स्थानों पर तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है। कटरिया-चांदपुर तटबंध पर खजांचीपुर से खलवा गांव तक करीब दो किलोमीटर में नदी का दबाव तेज हो गया है।
दुबौलिया में लगातार बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण इलाके में पानी तेजी से ऊपर आ रहा है। दुबौलिया प्रतिनिधि ने बताया कि सुविका बाबू गांव तीसरी बार मैरुंड हो गया है। तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों की आवाजाही व राहत के लिए दो मोटर बोट मंगाई हैं, जिन्हें देर शाम तक पहुंचाने की व्यवस्था है।
“सरयू में करीब 4.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।”, बृजेश सोनी, सहायक अभियंता, बाढ़ खंड बस्ती। उन्होंने बताया कि एलबी तटबंध पर रेनकट और गिरे पेड़ हटवा दिए गए और दुधौरा के पास तटबंध को मजबूत करने का काम जारी है। अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
कुदरहा क्षेत्र में महुआपार कला, बैडारी एहतमाली, मईपुर और टेंगरिहा राजा समेत कई गांवों में नदी की धारा घरों के पास तक पहुंच गई है। कई परिवार अपने घर और सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। कुछ की खेती पहले ही कटान में समा चुकी है और बचे हुए खेतों में भी पानी भर गया है।
ग्रामीणों को भोजन और आजीविका का संकट होने की आशंका है। प्रशासन ने तटबंध विहीन गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और कटानरोधी कार्य कराए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे स्थानीय प्रशासन की निर्देशित जगहों पर संपर्क बनाए रखें और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे।
स्रोत: अमर उजाला

