Firozabad News : पर्यावरण मित्र ने मनाया 20वां स्थापना दिवस, संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताईं ये बातें...

UPT | स्थापना दिवस पर पौधारोपण करते पर्यावरण मित्र संस्था के सदस्य और अतिथि।

Sep 25, 2024 09:25

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में प्रकृति संरक्षण को समर्पित संस्था पर्यावरण मित्र ने अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कृषि संकाय के विद्यार्थियों एवं पर्यावरणविदों की संगोष्ठी का आयोजन...

Firozabad News : फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में प्रकृति संरक्षण को समर्पित संस्था पर्यावरण मित्र ने अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कृषि संकाय के विद्यार्थियों एवं पर्यावरणविदों की संगोष्ठी का आयोजन किया गया। 
 
किताबों में नहीं मिलेगा वन का ज्ञान
पर्यावरण मित्र अध्यक्ष किरण बजाज ने कहा कि वन क्षेत्र का ज्ञान कोरी किताबों के माध्यम से मिल ही नहीं सकता। मेरा मानना है कि जैविक कृषि, खाद, कीटनाशक यह अलौकिक विज्ञान है, यह आध्यात्म है। विनोवा भावे जी कहते थे कि धरती की सेवा विश्व की सेवा है। जब रोज खाते हैं तो हमें श्रमदान जरूर करना चाहिए।
 
केचुआ प्रकृति के सबसे बड़े मित्र 

कार्यक्रम का प्रारम्भ पर्यावरण मित्र कृषि विशेषज्ञ राजीव प्रताप ने कृषि संकाय के डेढ़ सौ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वन दर्शन करके कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने वाले रेडवर्म केचुआ दिखाया और बताया कि यह प्रकृति के सबसे बड़े मित्र हैं। इस अवसर पर सभी लोगों ने पौधारोपण भी किया।

पंचमहाभूतों के पूजन के साथ संगोष्ठी 
सभागार में पंचमहाभूतों के पूजन के साथ संगोष्ठी का प्रारम्भ हुआ। इस अवसर पर रूद्राक्षमैन विवेक यादव का पर्यावरणीय सम्मान हरित कलश, बैजयन्ती माला, शाॅल व सम्मान राशि से किया गया। कार्यक्रम में आए हुए सभी पर्यावरणविदों को हरित कलश देकर सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रसंशा पत्र दिए गए। इससे पहले वरिष्ठ समन्वयक दीपक औहरी ने पीपीटी के माध्यम से पर्यावरण मित्र के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
 
सूखा और गीला कूड़ा अलग रखें
नगर पालिका के सेनेटरी इस्पेक्टर दिनेश यादव ने कहा कि वे पर्यावरण मित्र संस्था का धन्यवाद करते हैं, जो लगातार नगर में जागरूकता फैला रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह लोगों से अपील करते हैं कि वे अपने घर में गीला और सूखा कचड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में रखें। नगर पालिका की गाड़ी अलग-अलग कूड़ा उठवाने के लिए घर-घर पहुंचती है। यदि आप सड़क पर फेंक देंगे तो नगर पालिका के सफाईकर्मियों को बहुत मुश्किल होगी।
 
कूड़ा जलाएं नहीं

नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि राजीव गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका और पर्यावरण मित्र लगातार कई वर्षों से नगर की स्वच्छता की तस्वीर को सुंदर बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कूड़ा जलावन रोकने के लिए पूछे गए प्रश्न पर बताया कि नगर पालिका लगातार अपने सफाईकर्मी को यह प्रशिक्षण देती है कि वह कूड़ा एकत्रित कर उसे जलाए नहीं।
 
कचरा प्रबन्धन सीखना होगा 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारायण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीके सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि पर्यावरण मित्र ने आपके साथ आज पूर्ण पैकेज का काम शुरू किया है, जिसमें आपको पहले अपने द्वारा किया गया शानदार काम दिखाया और फिर उसी विषय पर आपके साथ संगोष्ठी भी की। आप यहां से बहुत कुछ सीखकर जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहां कि पर्यावरण मित्र का कचरा प्रबन्धन सीखकर जाना होगा और अपने ही घर से इसकी शुरुआत करनी होगी।
 
धरती को हरा-भरा बनाएं
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में रूद्राक्षमैन विवेक यादव ने कहा प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिवस, शादी सालगिरह व पूर्वज के स्मृति में पौधारोपण कर, धरती को हरा-भरा बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि समिति के सौजन्य से स्थापित पर्यावरणीय एवं आध्यात्मिक वन मां रूद्राणी धाम रूरिया में पर्यावरण मित्र के सहयोग से पर्यावरण मित्र वाटिका स्थापित करेंगे। वहां पर पहले से रामचरित मानस वाटिका व अन्य धार्मिक वाटिका मौजूद हैं।
 
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर अरविन्द तिवारी, मंजर उलवासै, मनोज कुलश्रेष्ठ, सतीश समर्थ, सुनीता पालीवाल, हरिश्चन्द्र यादव, डाॅ. राहुल, डाॅ. कुलदीप, रामप्रकाश गुप्ता, मोहित जादौन, भूपेन्द्र सिंह, राहुल शर्मा उपस्थित रहे।

Also Read